जमशेदपुर: आगामी 26 अगस्त को जमशेदपुर में निकलने वाले जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी (जुलूस-ए-मोहम्मदी) को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने को लेकर रविवार शाम साकची थाना परिसर में शांति समिति की बैठक हुई। बैठक में जुलूस के मार्ग, भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता साकची थाना के पुलिस अवर निरीक्षक जितेन्द्र वर्मा ने की। जुलूस मानगो गांधी मैदान से निकलकर आम बागान मैदान पहुंचेगा। बैठक में जुलूस के दौरान प्रमुख मार्गों पर भीड़ की स्थिति और यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक तैयारियों पर विशेष जोर दिया गया।
एमजीएम गोलचक्कर से शीतला मंदिर तक अतिरिक्त सुरक्षा की मांग
शांति समिति के सदस्यों ने एमजीएम गोलचक्कर से लेकर शीतला मंदिर के समीप तक संभावित भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती और आवश्यक यातायात प्रबंधन की व्यवस्था सुनिश्चित करने का सुझाव दिया। सदस्यों का कहना था कि भीड़ वाले स्थानों पर पहले से पर्याप्त इंतजाम रहने से जुलूस के दौरान यातायात और सुरक्षा से जुड़ी परेशानियों को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है।
जुलूस के दिन आम बागान मैदान का मेला रहेगा बंद
जुलूस को देखते हुए आम बागान मैदान में चल रहे मेले को एक दिन बंद रखने का निर्णय लिया गया। समिति के सदस्यों के अनुसार, इससे जुलूस के दौरान अतिरिक्त भीड़ और अव्यवस्था की स्थिति बनने की संभावना कम होगी तथा जुलूस के सुरक्षित संचालन में मदद मिलेगी।
शांति समिति के सक्रिय सदस्य परमजीत सिंह काले ने कहा कि जुलूस-ए-मोहम्मदी आपसी भाईचारे और सौहार्द का संदेश देता है। प्राथमिकता यह है कि जुलूस शांतिपूर्ण तरीके से निकले और किसी भी समुदाय को किसी तरह की असुविधा न हो। भीड़ वाले स्थानों पर पुलिस की विशेष व्यवस्था के साथ समिति के सदस्य भी पूरा सहयोग करेंगे।
सक्रिय सदस्य सोनू रज़ा ख़ान और हरविंदर सिंह ने कहा कि जुलूस के सफल और शांतिपूर्ण आयोजन के लिए सभी पक्षों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। प्रशासन और शांति समिति के बीच तालमेल से यातायात, भीड़ और सुरक्षा से जुड़ी संभावित समस्याओं को समय रहते नियंत्रित किया जा सकता है। उन्होंने लोगों से शांति और आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की।
बैठक में शांति समिति के सदस्यों ने साकची थाना के पदाधिकारियों को सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर कई सुझाव दिए। पुलिस पदाधिकारियों ने भी जुलूस को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए समिति के सदस्यों से सहयोग की अपेक्षा जताई।
बैठक में साकची थाना के उपनिरीक्षक अभिनव कुमार, हरि महतो और राजेश सिंह के अलावा शांति समिति के सक्रिय सदस्य परमजीत सिंह काले, सोनू रज़ा ख़ान, हरविंदर सिंह, राकेश साहू, मुन्ना ख़ान, बलजीत संसोआ, शांतनु बोस, परमेन्द्र सिंह, हसीन अहमद, डीके घोष, सुनील देबुका सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।

