Breaking
Sat. Aug 22nd, 2026

गिद्दी में पुलिस और राहुल दुबे गैंग के बीच मुठभेड़, दो अपराधी घायल; एक जंगल में फरार

हजारीबाग। गिद्दी थाना क्षेत्र में शनिवार तड़के पुलिस और राहुल दुबे गिरोह के सदस्यों के बीच मुठभेड़ हो गई। कोलियारी और ट्रांसपोर्ट रोड इलाके में पुलिस की चेकिंग के दौरान बाइक सवार तीन संदिग्ध अपराधियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दो अपराधियों के पैर में गोली लगी, जबकि एक अपराधी अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर भाग निकला। घायल अपराधियों की पहचान बादल कुमार और मोहित कुमार उर्फ पीटर के रूप में हुई है। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, हजारीबाग भेजा गया है।

पुलिस के अनुसार, शनिवार तड़के सूचना मिली थी कि राहुल दुबे गिरोह से जुड़े कुछ अपराधी भुरकुंडा की ओर से मोटरसाइकिल पर सवार होकर गिद्दी थाना क्षेत्र में किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने पहुंचने वाले हैं। सूचना मिलने के बाद गिद्दी थाना प्रभारी मो. इकबाल हुसैन और उरीमारी थाना प्रभारी रथू उरांव पुलिस बल तथा सशस्त्र जवानों के साथ सक्रिय हुए। पुलिस टीम ने पुराना कांटा घर रोड के पास घेराबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी।

इसी दौरान करीब 3:50 बजे भुरकुंडा की तरफ से एक मोटरसाइकिल पर तीन युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का संकेत दिया, लेकिन बाइक सवारों ने भागने का प्रयास किया। भागने के दौरान मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। इसके बाद तीनों अपराधी बाइक छोड़कर पास के जंगल की ओर भागने लगे।

पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान अपराधियों ने पुलिस टीम को निशाना बनाकर गोलीबारी शुरू कर दी। पुलिस जवानों ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। दोनों तरफ से हुई गोलीबारी में बादल कुमार और मोहित कुमार उर्फ पीटर के पैर में गोली लगी और दोनों घायल होकर मौके पर गिर पड़े। तीसरा अपराधी अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल में फरार हो गया।

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घटनास्थल की तलाशी ली। तलाशी के दौरान पुलिस को दो अवैध हथियार, जिंदा कारतूस, खोखा और धमकी से संबंधित पर्चा मिला। घायल दोनों अपराधियों को इलाज के लिए अस्पताल भेजने के बाद पुलिस ने फरार आरोपी की तलाश में आसपास के जंगलों में सर्च अभियान शुरू कर दिया है।

पुलिस अब गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और उनके आपराधिक नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है। साथ ही फरार अपराधी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

Related Post