Breaking
Fri. Aug 21st, 2026

जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को मिली गति, 15 लाख की लागत से विभिन्न विकास योजनाओं का विधायक पूर्णिमा साहू ने किया शिलान्यास

जमशेदपुर। जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और जनसुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में विकास कार्यों को लगातार गति दी जा रही है। इसी क्रम में, शुक्रवार को जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में कुल 15 लाख रुपये की लागत से विभिन्न विकास योजनाओं का विधिवत शिलान्यास किया। इस दौरान साकची शिव मंदिर लाइन में प्लॉट संख्या 61 से 66 के पीछे की ओर पेवर्स ब्लॉक अधिष्ठापन, सीतारामडेरा क्षेत्र के नंदनगर, भुइयांडीह में कब्रिस्तान के समीप महावीर गोप के घर से सुधीर यादव की गली स्थित सड़क तक पेवर्स ब्लॉक अधिष्ठापन कार्य का शिलान्यास किया गया। इसी प्रकार, बारीडीह बस्ती स्थित प्रेमचंद पथ में मधुसूदन सिंह के घर से आरबीबी सिंह के घर तक नाली के ऊपर स्लैब अधिष्ठापन एवं शिव मंदिर के समीप शक्तिनगर गंगा पथ में विश्वजीत विश्वास के घर से अमरनाथ तिवारी के घर तक कल्वर्ट निर्माण कार्य का भी शिलान्यास हुआ। वहीं, बिरसानगर जोन नंबर 8 में समाज के अभिवंचित एवं कमजोर वर्ग के बच्चों को अध्ययन के लिए बेहतर एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शेड निर्माण कार्य का भी शिलान्यास किया गया।

इस अवसर पर विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि क्षेत्र की जनता को बेहतर सड़क, नाली, जल निकासी एवं अन्य आवश्यक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार पहल की जा रही है। उन्होंने संबंधित संवेदकों को सभी विकास कार्यों में गुणवत्ता एवं निर्माण मानकों का ध्यान रखते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूरा करने का निर्देश दिया।

इस दौरान विधायक प्रतिनिधि गुंजन यादव, भाजपा साकची पूर्वी मंडल अध्यक्ष युवराज सिंह, सीतारामडेरा मंडल अध्यक्ष रंजीत सिंह, बिरसानगर मंडल अध्यक्ष बापन बनर्जी समेत कई कार्यकर्ता, स्थानीय नागरिक एवं बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहे।

Related Post