Breaking
Fri. Aug 21st, 2026

चाईबासा में सड़क किनारे बेसुध मिली युवती, कार से ले जाने की बात सामने आई, पुलिस जांच जारी

चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा मुफस्सिल थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक युवती के सड़क किनारे बेसुध अवस्था में मिलने से सनसनी फैल गई। युवती को कथित तौर पर चाईबासा से कार में बैठाकर रांची-चाईबासा मुख्य मार्ग एनएच-75 पर लोहरदा पंचायत के एस मोड़ के पास छोड़ दिया गया था। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को अपने साथ थाना ले गई। मामले में दुष्कर्म की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है।

बताया गया कि शुक्रवार सुबह कुछ ग्रामीण शौच के लिए जा रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर सड़क किनारे पड़ी युवती पर गई। युवती की हालत देखकर ग्रामीणों ने आसपास की महिलाओं को इसकी जानकारी दी। महिलाएं मौके पर पहुंचीं और युवती को कंबल से ढककर उसकी मदद की। बताया गया कि उस समय युवती ठीक से चलने-फिरने की स्थिति में नहीं थी।

घटना की जानकारी मिलने के बाद चाईबासा मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस युवती को अपने साथ चाईबासा ले गई और उससे पूछताछ करने का प्रयास किया। पूछताछ के दौरान युवती ने बताया कि उसे चाईबासा से तीन-चार लोग जबरन कार में बैठाकर ले गए थे। इसके बाद उसे सड़क किनारे छोड़ दिया गया।

लोहरदा पंचायत की सहिया लक्ष्मी जामुदा ने बताया कि जब युवती मिली, तब उसकी स्थिति काफी खराब थी। युवती के बयान के आधार पर आशंका जताई जा रही है कि उसे किसी नशीले पदार्थ का सेवन कराया गया होगा और उसके बाद उसके साथ कोई अप्रिय घटना हुई होगी। हालांकि, यह फिलहाल केवल आशंका है और इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

मुफस्सिल थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि युवती मंझारी थाना क्षेत्र की रहने वाली है। उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं है और उसका इलाज भी चल रहा है। युवती के परिजनों को सूचना देकर बुलाया गया है। थाना प्रभारी के अनुसार युवती से पूछताछ की गई, लेकिन वह घटना के संबंध में स्पष्ट जानकारी नहीं दे पा रही है।

पुलिस ने युवती की मेडिकल जांच भी कराई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और युवती के बयान, मेडिकल रिपोर्ट तथा अन्य तथ्यों के आधार पर घटना की वास्तविक स्थिति का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि युवती के साथ वास्तव में क्या हुआ था।

Related Post