Breaking
Fri. Aug 21st, 2026

*पलाश शिक्षक प्रशिक्षण से कक्षा की गतिविधियों को बेहतर बनाने पर जोर*

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले में बच्चों की सीखने की क्षमता को बेहतर बनाने और शिक्षकों की क्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से 18 से 21 अगस्त तक पलाश मल्टीलिंगुअल एजुकेशन (एमएलई) कार्यक्रम के तहत चार दिवसीय शिक्षक प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में जिले के 305 पलाश स्कूलों के शिक्षकों को शामिल किया गया। कुल 324 शिक्षकों ने प्रशिक्षण में भाग लिया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम बिनसाई शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय और डायट चैनपुर में नौ बैचों में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण को दो हिस्सों में बांटा गया था। पहले दो दिन बहुभाषी शिक्षा पर प्रशिक्षण दिया गया, जबकि अगले दो दिन बुनियादी संख्या ज्ञान और गणित से संबंधित विषयों पर केंद्रित रहे।

बहुभाषी शिक्षा के सत्र में शिक्षकों को बहुभाषी वातावरण में बच्चों को पढ़ाने के विभिन्न तरीकों की जानकारी दी गई। इसमें द्विभाषी पाठ्यपुस्तक, शिक्षक गाइड और बहुभाषी शिक्षण पद्धतियों के उपयोग पर चर्चा हुई। मौखिक भाषा विकास, टोटल फिजिकल रिस्पॉन्स (टीपीआर), डिकोडिंग, पढ़ना, लिखना और पढ़ने में प्रवाह जैसे विषयों पर भी प्रशिक्षण दिया गया।

शिक्षकों ने समूहों में काम करते हुए विभिन्न गतिविधियों का अभ्यास किया। प्रशिक्षण के दौरान बच्चों के नियमित पढ़ने के अभ्यास और पढ़ने की गतिविधियों में शिक्षक के सहयोग को महत्वपूर्ण बताया गया, ताकि बच्चों में पढ़ने की गति, शुद्धता और समझ विकसित हो सके।

गणित के सत्र में कक्षा एक और दो के बच्चों के लिए बुनियादी संख्या ज्ञान पर जोर दिया गया। शिक्षकों ने संख्या पहचान, गिनती, स्थानीय मान, जोड़ और घटाव जैसी अवधारणाओं को गतिविधि आधारित तरीके से सिखाने का अभ्यास किया। 10 बनाना, दोगुना करना और गिनती की विभिन्न रणनीतियों पर भी चर्चा की गई।

प्रशिक्षण में मल्टी-ग्रेड टीचिंग पर भी विशेष ध्यान दिया गया। शिक्षकों ने समूहों में लेसन प्लान तैयार किए और गतिविधियों का प्रदर्शन किया। फैसिलिटेटर्स ने शिक्षकों को आवश्यक फीडबैक दिया।

पूरे प्रशिक्षण कार्यक्रम में लैंग्वेज एंड लर्निंग फाउंडेशन (एलएलएफ) की टीम ने तकनीकी सहयोग प्रदान किया। टीम ने पलाश की शिक्षण पद्धतियों, योजना निर्माण और कक्षा में उनके प्रभावी इस्तेमाल को लेकर शिक्षकों का मार्गदर्शन किया।

चार दिवसीय प्रशिक्षण के समापन पर शिक्षकों को शिक्षक गाइड, शिक्षण-अधिगम सामग्री, गतिविधि आधारित तरीकों और बेहतर लेसन प्लानिंग का नियमित इस्तेमाल करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य 305 पलाश स्कूलों में बच्चों की बहुभाषी शिक्षा और बुनियादी सीखने के परिणामों को बेहतर बनाना है।

Related Post