Breaking
Wed. Aug 19th, 2026

कोडरमा में एक ही रात तीन घरों में चोरी, लाखों के जेवरात ले उड़े चोर

कोडरमा। कोडरमा थाना क्षेत्र के दूधीमाटी वार्ड नंबर 10 में चोरों ने एक साथ तीन घरों को निशाना बनाया। एक ही रात तीन घरों में चोरी की घटना सामने आने से इलाके में हड़कंप मच गया। इनमें एक घर से करीब 10 से 15 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात चोरी होने की बात सामने आई है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, दूधीमाटी वार्ड नंबर 10 निवासी नंदकिशोर यादव (35), पिता चुनडी महतो के घर में चोरों ने धावा बोलकर लाखों रुपये के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। परिजनों के मुताबिक, घर से करीब 10 से 15 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण चोरी हुए हैं। चोरी गए सामान का विस्तृत आकलन किया जा रहा है। इसी दौरान चोरों ने रामप्रताप सिंह, पिता स्वर्गीय रामकुमार सिंह के घर को भी निशाना बनाया। हालांकि, यहां से किसी सामान की चोरी होने की जानकारी नहीं है। इसके अलावा वार्ड नंबर 10 में ही एक अन्य बंद मकान में भी चोरी की घटना सामने आई है। बताया गया कि मकान में रहने वाले सभी लोग दिल्ली में हैं। उनके लौटने के बाद ही चोरी गए सामान का पता चल सकेगा। एक ही इलाके में एक रात में तीन घरों को निशाना बनाए जाने से स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश है। लोगों ने पुलिस से रात में गश्त बढ़ाने तथा चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के साथ संदिग्धों की पहचान में जुटी है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।

Related Post