Breaking
Wed. Aug 19th, 2026

चास में सिलसिलेवार चोरी का खुलासा, छह गिरफ्तार; सात मोबाइल और सोने के जेवर बरामद

बोकारो:चास थाना क्षेत्र में घरों की खिड़की तोड़कर ज्वेलरी, नकदी और मोबाइल उड़ाने वाले गिरोह पर पुलिस ने शिकंजा कसते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी के सामान भी बरामद किए हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर बड़ा ब्रेक लगा है। पुलिस के अनुसार 22 जुलाई, 11 अगस्त और 15 अगस्त 2026 की रात अज्ञात चोरों ने घरों की खिड़की तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। इन घटनाओं को लेकर चास थाना में क्रमशः कांड संख्या 94/2026, 102/2026 और 103/2026 दर्ज किए गए थे। चोरी की घटनाओं के उद्भेदन के लिए बोकारो एसपी के निर्देश पर सहायक पुलिस अधीक्षक, सदर चास वेदांत शंकर के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल गठित किया गया। टीम ने मानवीय और तकनीकी सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को दबोच लिया। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। गिरफ्तार आरोपियों में गौतम बाउरी उर्फ मिरीण्डा (22), राहुल कुमार बाउरी (19), रवि कुमार पाण्डेय (24), प्रिंस कुमार उर्फ कृष (19), अमन राज उर्फ मनीष कुमार (32) और कृष्णा कुमार पॉल (25) शामिल हैं। सभी चास थाना क्षेत्र के विभिन्न इलाकों के रहने वाले बताए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से सोने जैसा कंगन सात पीस, 3.50 ग्राम का पिघला हुआ सोने जैसा धातु का टुकड़ा, लोहे का चापड़, छोटा तौलने का मशीन, सात मोबाइल फोन तथा पांच रुपये के 12 नोट यानी 60 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी गौतम बाउरी उर्फ मिरीण्डा का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ चास थाना में वर्ष 2021 में चोरी और सेंधमारी से जुड़े दो मामले दर्ज हैं। छापामारी टीम में एएसपी वेदांत शंकर, चास थाना प्रभारी दिनेश कुमार सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक संदीप कुमार, अजीत कुमार, मुकेश दयाल सिंह, रवि शंकर सहित चास थाना रिजर्व गार्ड एवं तकनीकी शाखा के कर्मी शामिल थे।

Related Post