चाईबासा: जिला विधिक सेवा प्राधिकार, पश्चिमी सिंहभूम, चाईबासा की ओर से अगस्त माह के निर्धारित न्याय रूट प्लान के तहत न्याय रथ के माध्यम से मझगांव में विधिक जागरूकता एवं जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, पश्चिमी सिंहभूम, चाईबासा मौहम्मद शाकिर के मार्गदर्शन एवं सचिव रवि चौधरी के नेतृत्व में हुआ।
कार्यक्रम में मझगांव प्रखंड में करीब 130 लोग उपस्थित रहे। मुख्य एलएडीसी ने उपस्थित लोगों को महिला सशक्तिकरण, बाल विवाह, मोटर वाहन अधिनियम और पीड़ित प्रतिकर सहित विभिन्न महत्वपूर्ण कानूनी विषयों की जानकारी दी। इस दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षक एवं पारा लीगल वॉलंटियर्स (PLVs) भी मौजूद रहे।
इसके बाद न्याय रथ मझगांव प्रखंड कार्यालय पहुंचा। यहां प्रखंड विकास पदाधिकारी ने स्वयं सहायता समूहों (SHGs) की भूमिका के बारे में जानकारी दी। उन्होंने मुख्यधारा से दूर रह रहे आदिवासी समुदाय के लोगों के लिए वैकल्पिक आजीविका और आय के स्रोतों के संबंध में भी जानकारी साझा की। इसका उद्देश्य लोगों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाकर विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है।
कार्यक्रम के दौरान लोगों को उनके कानूनी अधिकारों, न्यायिक सहायता और विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जागरूक किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से बताया गया कि न्याय रथ के माध्यम से जिले के कमजोर और वंचित वर्गों तक विधिक जानकारी पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
न्याय रथ के माध्यम से आयोजित यह कार्यक्रम लोगों को कानून, अधिकार और सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करने की दिशा में जिला विधिक सेवा प्राधिकार की निरंतर पहल का हिस्सा रहा।

