Breaking
Tue. Aug 18th, 2026

पांच लाख के इनामी जेजेएमपी सब-जोनल कमांडर समेत चार उग्रवादी गिरफ्तार

गुमला। झारखंड में उग्रवाद के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में गुमला पुलिस और सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। डुमरी थाना क्षेत्र में चलाए गए अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने झारखंड जन मुक्ति परिषद (जेजेएमपी) के पांच लाख रुपये के इनामी सब-जोनल कमांडर रामदेव लोहरा उर्फ रामदेव उरांव समेत चार उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार उग्रवादी किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की तैयारी में इलाके में सक्रिय थे।

पुलिस को सूचना मिली थी कि जेजेएमपी का सब-जोनल कमांडर रामदेव लोहरा अपने दस्ते के सदस्यों के साथ डुमरी थाना क्षेत्र के आकाशी और जयरागी गांव के आसपास घूम रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस और सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम गठित कर इलाके में तलाशी अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान जवानों ने घेराबंदी कर रामदेव लोहरा सहित उसके तीन सहयोगियों को पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में लातेहार जिले के बींगड़ा गांव निवासी और पांच लाख रुपये का इनामी रामदेव लोहरा, लातेहार के कोने गांव निवासी जेजेएमपी एरिया कमांडर अरविंद नायक, लोहरदगा के किटा मक्का निवासी मुनेश्वर सिंह तथा गुमला के उजरा गांव निवासी जितेन्द्र लोहरा शामिल हैं।

पुलिस ने गिरफ्तार उग्रवादियों के कब्जे से हथियार और अन्य सामान भी बरामद किए हैं। बरामदगी में एके-56 राइफल व मैगजीन, एक एसएलआर राइफल, एक सेमी-ऑटोमेटिक राइफल, आठ मोबाइल फोन, वॉकी-टॉकी समेत अन्य सामान शामिल हैं।

पुलिस गिरफ्तार उग्रवादियों से पूछताछ कर रही है। पूछताछ के आधार पर जेजेएमपी के दस्ते की गतिविधियों, संगठन से जुड़े अन्य सदस्यों और संभावित वारदातों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। अभियान के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और तलाशी अभियान को और तेज कर दिया गया है।

Related Post