जमशेदपुर: साकची स्थित आमबागान मैदान में राष्ट्रीय आर्ट एंड क्राफ्ट कॉटन एंड सिल्क एक्सपो 2026 का आयोजन किया जा रहा है। 10 अगस्त से शुरू हुए इस एक्सपो में देश के विभिन्न हिस्सों से आए कारीगरों और हस्तशिल्पकारों के उत्पाद लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। एक्सपो में हस्तशिल्प, हथकरघा वस्त्र, सजावटी सामान, पारंपरिक कलाकृतियां, घरेलू उपयोग की वस्तुएं समेत ग्रामीण और कुटीर उद्योग से जुड़े उत्पाद बिक्री के लिए उपलब्ध हैं।
आयोजकों के अनुसार, एक्सपो का मुख्य उद्देश्य कारीगरों और छोटे व्यवसायियों को सीधे ग्राहकों तक पहुंच उपलब्ध कराना तथा भारतीय कला, हस्तशिल्प और हथकरघा को बढ़ावा देना है। रक्षाबंधन के अवसर को देखते हुए यहां अलग-अलग राज्यों की कला और संस्कृति से जुड़े उत्पाद एक ही स्थान पर उपलब्ध कराए गए हैं। आयोजकों ने बताया कि हैंडलूम और हैंडीक्राफ्ट उत्पादों पर 20 प्रतिशत तक की विशेष छूट भी दी जा रही है।
एक्सपो में सहारनपुर का फर्नीचर, खुर्जा की क्रॉकरी, भदोही के कारपेट, मेरठ की खादी, भागलपुर के सूट और साड़ियां, बनारसी साड़ियां, फैंसी चप्पल, जूट बैग, जयपुरी चूड़ियां और फैंसी ज्वेलरी समेत कई तरह के उत्पाद प्रदर्शित किए गए हैं। अलग-अलग राज्यों से पहुंचे कारीगर अपने पारंपरिक उत्पादों के साथ यहां ग्राहकों से सीधे जुड़ रहे हैं।
राष्ट्रीय आर्ट एंड क्राफ्ट एक्सपो के संचालक मनीष यादव और रजनीश यादव ने बताया कि एक्सपो के जरिए लोगों को देश के विभिन्न क्षेत्रों की कला और शिल्प से जुड़े उत्पाद एक ही जगह पर उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है। साथ ही छोटे और मध्यम कारोबारियों को अपने उत्पादों के प्रचार-प्रसार और बिक्री के लिए बेहतर मंच देने का उद्देश्य भी रखा गया है।
28 अगस्त से ऑटो एक्सपो भी
साकची आमबागान मैदान में राष्ट्रीय आर्ट एंड क्राफ्ट एक्सपो के साथ ऑटो एक्सपो का भी आयोजन प्रस्तावित है। यह आयोजन 28 अगस्त से 7 सितंबर 2026 तक चलेगा। इसमें कार, दोपहिया और तीन पहिया वाहन, ई-रिक्शा, इलेक्ट्रिक वाहन, कमर्शियल वाहन, ऑटो पार्ट्स और एक्सेसरीज के साथ नई पीढ़ी की मोबिलिटी से जुड़े उत्पाद और सेवाएं प्रदर्शित की जाएंगी।
आयोजकों के अनुसार, दोनों आयोजनों में प्रवेश के लिए कोई शुल्क नहीं रखा गया है। आगंतुकों के लिए पार्किंग की भी व्यवस्था की गई है। आयोजकों ने जमशेदपुर और आसपास के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर भारतीय हस्तशिल्प और हथकरघा उत्पादों को प्रोत्साहित करने की अपील की है।

