सरायकेला। जिले के कुचाई प्रखंड में सुरक्षा बलों ने उग्रवादी गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान बड़ी सफलता हासिल की है। कुचाई थाना क्षेत्र के रोलाहातु पंचायत अंतर्गत सिकरम्बा गांव के घने जंगलों में एसएसबी और झारखंड पुलिस की संयुक्त टीम ने सर्च अभियान चलाकर जंगल में छिपाकर रखे गए हथियार और हथियारों के पुर्जे बरामद किए हैं।
26वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), रांची के कमांडेंट शाश्वत कुमार (आईपीएस) के निर्देशन में ए-समवाय जम्बरो तथा झारखंड पुलिस की टीम ने यह कार्रवाई की। उप कमांडेंट शक्ति सिंह और निरीक्षक उज्ज्वल कांति मुहुरी के नेतृत्व में जवानों ने सिकरम्बा गांव के आसपास के दुर्गम एवं घने जंगलों में व्यापक तलाशी अभियान चलाया।
तलाशी के दौरान सुरक्षा बलों को जंगल में संदिग्ध तरीके से छिपाकर रखे गए हथियार मिले। बरामद सामान में एक पिस्टल, दो 303 राइफल, तीन 303 राइफल मैगजीन, एक 9 एमएम कार्बाइन पिस्टल ग्रिप और एक 9 एमएम कार्बाइन का कॉकिंग हैंडल शामिल है। सुरक्षा बलों ने सभी हथियारों एवं संबंधित सामग्री को अपने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
सुरक्षा अधिकारियों के मुताबिक, कुचाई क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के साथ असामाजिक और उग्रवादी गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार संयुक्त अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी अभियान के तहत सिकरम्बा के जंगलों में भी तलाशी ली गई, जहां छिपाकर रखे गए हथियार बरामद हुए।
बरामद हथियारों को जंगल में किसने छिपाया था और उनका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। जांच एजेंसियां हथियारों के किसी व्यक्ति या संगठन से संभावित संबंधों की भी पड़ताल कर रही हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में सुरक्षा बलों की निगरानी और सर्च अभियान आगे भी जारी रहेगा।
एसएसबी और झारखंड पुलिस की इस संयुक्त कार्रवाई को क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। सुरक्षा बलों ने ग्रामीणों से भी अपील की है कि क्षेत्र में किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस अथवा प्रशासन को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

