जमशेदपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने और देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों एवं शहीदों को नमन करने के उद्देश्य से भाजपा जमशेदपुर महानगर की ओर से रविवार को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा के नेतृत्व में आयोजित इस यात्रा में हजारों भाजपा कार्यकर्ताओं, समर्थकों और राष्ट्रप्रेमियों ने हाथों में तिरंगा लेकर हिस्सा लिया। भारत माता के जयघोष और देशभक्ति के नारों से लौहनगरी का वातावरण गूंज उठा।
तिरंगा यात्रा की शुरुआत दोपहर 12 बजे साकची स्थित नेताजी सुभाष मैदान (आम बागान) से हुई। इससे पूर्व भाजपा के वरीय नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। प्रतिमा स्थल को तिरंगे के रंग वाले गुब्बारों और फूलों से आकर्षक ढंग से सजाया गया था।
यात्रा में पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, जमशेदपुर सांसद विद्युत वरण महतो, भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी, जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू, पूर्व विधायक मेनका सरदार, पूर्व प्रत्याशी मीरा मुंडा और पूर्व मंत्री दुलाल भुइयां समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।
तिरंगा यात्रा में सुसज्जित रथ पर भारत माता की झांकी आकर्षण का केंद्र रही। दो बड़े वाहनों से देशभक्ति गीतों की गूंज के बीच बैंड-बाजे, आतिशबाजी और हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लिए कार्यकर्ताओं ने शहर के विभिन्न इलाकों का भ्रमण किया। यात्रा बंगाल क्लब, साकची बड़ा गोलचक्कर, आई अस्पताल और बसंत टॉकीज गोलचक्कर होते हुए जमशेदपुर अक्षेस गोलचक्कर पहुंचकर समाप्त हुई। मार्ग में लोगों ने अपने मोबाइल कैमरों में यात्रा के दृश्य कैद किए। कई सामाजिक संगठनों ने यात्रा का स्वागत करते हुए प्रतिभागियों पर पुष्पवर्षा की और शीतल पेयजल की व्यवस्था की।
यात्रा के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि तिरंगा केवल तीन रंगों का ध्वज नहीं, बल्कि देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। इसके साथ भारत की शक्ति, स्वाभिमान और गौरव जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता के प्रति प्रतिबद्धता दोहराने का अवसर है। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों और अमर शहीदों के बलिदान को नमन करते हुए लोगों से राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
रघुवर दास ने लोगों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने की अपील करते हुए कहा कि लोग अपने घरों, दुकानों और संस्थानों पर तिरंगा लगाकर स्वतंत्रता दिवस के उत्सव में भागीदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि इस वर्ष का अभियान राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम की 150वीं वर्षगांठ के संदर्भ में भी विशेष महत्व रखता है।
सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान के बाद हर घर तिरंगा अभियान देशव्यापी जनभागीदारी का स्वरूप ले चुका है। तिरंगा देश के उन वीर पुरुषों और महिलाओं के साहस, संघर्ष और बलिदान का प्रतीक है, जिन्होंने देश की रक्षा और सेवा के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया।
तिरंगा यात्रा में एनडीए के घटक दलों की भी भागीदारी रही। जदयू जिलाध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव और आजसू जिलाध्यक्ष कन्हैया सिंह के नेतृत्व में दोनों दलों के बड़ी संख्या में कार्यकर्ता हाथों में तिरंगा लेकर यात्रा में शामिल हुए। पूर्व सैनिक सेवा परिषद, पूर्वी सिंहभूम के पदाधिकारियों और सदस्यों ने भी उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। इनमें राजीव रंजन, सुशील कुमार सिंह, दिनेश सिंह, सतनाम सिंह, मनोज ठाकुर, सुबोध कुमार, महेश कुमार, एमपी शर्मा, भुवनेश्वर झा, अमित कुमार और महेश जोशी समेत अन्य सदस्य शामिल रहे।
तिरंगा यात्रा के सफल आयोजन के लिए संजीव सिंह को संयोजक तथा पप्पू सिंह और प्रकाश दुबे को सह संयोजक बनाया गया था। यात्रा में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह, चंद्रशेखर मिश्रा, बिनोद सिंह, नंदजी प्रसाद, दिनेश कुमार, गुंजन यादव, राजेश शुक्ला, मनोज सिंह, राजन सिंह, योगेश मल्होत्रा, कुलवंत सिंह बंटी, मनोज कुमार सिंह, कल्याणी शरण, मिथिलेश सिंह यादव, रीता मिश्रा, संध्या सिंह समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

