Breaking
Sun. Aug 9th, 2026

अब हर गुरुवार स्कूल पहुंचेंगे अफसर, बच्चों को पढ़ाएंगे भी

लोहरदगाः सरकारी विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा के परिणाम को बेहतर बनाने के लिए लोहरदगा जिला प्रशासन ने अभिनव पहल शुरू की है। उपायुक्त संदीप कुमार मीना की पहल पर अकील एडपा- बेहतर शिक्षा की ओर कार्यक्रम शुरू किया जा रहा है। इसके तहत जिले के 55 उच्च विद्यालय और 22 प्लस टू उच्च विद्यालय, कुल 77 विद्यालयों को प्रशासनिक पदाधिकारियों ने गोद लिया है। संबंधित पदाधिकारी इन विद्यालयों की शैक्षणिक व्यवस्था और विद्यार्थियों की प्रगति की नियमित निगरानी करेंगे।

कार्यक्रम की कार्ययोजना और प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर समाहरणालय सभाकक्ष में उपायुक्त की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में विद्यालयों के अनुश्रवण, विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर में सुधार और आगामी बोर्ड परीक्षाओं में बेहतर परिणाम को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की गई। कार्यक्रम के तहत विद्यालयों की जिम्मेदारी संभालने वाले प्रशासनिक पदाधिकारी प्रत्येक गुरुवार अपने आवंटित विद्यालयों का भ्रमण करेंगे। वे विद्यार्थियों से संवाद करने के साथ जरूरत के अनुसार संबंधित विषयों की कक्षाएं भी लेंगे। विद्यालय में शिक्षकों और विद्यार्थियों की उपस्थिति, पाठ्यक्रम की प्रगति और साप्ताहिक पढ़ाई की स्थिति की समीक्षा की जाएगी। विद्यार्थियों के बीच क्विज कराया जाएगा तथा उनकी कॉपियों की जांच कर कमजोर विद्यार्थियों को चिन्हित किया जाएगा। ऐसे विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान देते हुए उनकी शैक्षणिक स्थिति में सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। विद्यार्थियों को करियर संबंधी मार्गदर्शन भी दिया जाएगा। कम परीक्षा परिणाम वाले विद्यालयों पर विशेष फोकस रहेगा। विज्ञान, गणित और अंग्रेजी जैसे विषयों में शिक्षकों की कमी वाले विद्यालयों में जिले के अनुभवी शिक्षकों का पैनल तैयार कर ऑनलाइन कक्षाएं संचालित की जाएंगी। वहीं कमजोर विद्यार्थियों के लिए नियमित मूल्यांकन के आधार पर रेमेडियल कक्षाओं की व्यवस्था होगी। लगातार अनुपस्थित रहने वाले विद्यार्थियों के अभिभावकों से संपर्क कर उन्हें विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित किया जाएगा। प्रत्येक माह होने वाले टेस्ट के परिणामों का विश्लेषण कर विद्यार्थियों की प्रगति की समीक्षा की जाएगी।

उपायुक्त ने कहा कि जिले का कोई भी विद्यार्थी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से वंचित न रहे, इसके लिए प्रशासन और शिक्षकों को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने पदाधिकारियों को नियमित विद्यालय भ्रमण, सतत अनुश्रवण और विद्यार्थियों को आवश्यक शैक्षणिक सहयोग उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। प्रशासन का लक्ष्य सरकारी विद्यालयों के शैक्षणिक स्तर के साथ-साथ आगामी बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम में उल्लेखनीय सुधार लाना है। बैठक में उप विकास आयुक्त राज महेश्वरम, आईटीडीए परियोजना निदेशक सुषमा नीलम सोरेंग, अपर समाहर्ता जितेंद्र मुंडा, अनुमंडल पदाधिकारी अमित कुमार सहित अन्य वरीय एवं जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

Related Post