Breaking
Fri. Aug 7th, 2026

सिमडेगा में युवक को जिंदा जलाने की कोशिश, पेट्रोल डालकर किया हमला, हालत गंभीर

सिमडेगा: सदर थाना क्षेत्र के सलडेगा सरना मंदिर रोड पर गुरुवार देर रात एक युवक को जिंदा जलाने की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। अज्ञात बदमाशों ने युवक के शरीर पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। घायल युवक की पहचान कमडरा निवासी संतोष महतो के रूप में हुई है। वह सलडेगा में किराये के मकान में रहकर एक होटल में काम करता है।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम संतोष किसी काम से सरना मंदिर की ओर गया था। देर रात वापस लौटते समय बाइक पर सवार तीन अज्ञात युवक उसका पीछा करते हुए वहां पहुंचे। बताया जा रहा है कि तीनों ने हेलमेट पहन रखा था, जिससे उनकी पहचान नहीं हो सकी। आरोप है कि बदमाशों ने संतोष पर पेट्रोल छिड़का और आग लगा दी। आग की लपटों से घिरते ही वह जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगा और दर्द से चीखने लगा।

युवक की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए किसी तरह उसके शरीर में लगी आग बुझाई और गंभीर हालत में उसे सिमडेगा सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।

घटना की सूचना मिलने के बाद शुक्रवार सुबह पुलिस अस्पताल पहुंची और घायल संतोष महतो से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्र में सुराग जुटाए जा रहे हैं। फिलहाल घटना के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

Related Post