चाईबासा: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत बुधवार को चाईबासा विधानसभा क्षेत्र के नवगठित सभी बूथों के साथ बूथ संख्या-105 स्थित श्री मारवाड़ी हिन्दी मध्य विद्यालय मतदान केंद्र में प्रारूप मतदाता सूची का विधिवत प्रकाशन किया गया। इस दौरान बीएलओ मनीषा दास उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम में बीएलए-2 त्रिशानु राय ने मतदाता सूची का अवलोकन किया और निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप सूची की पारदर्शिता एवं शुद्धता सुनिश्चित करने की प्रक्रिया का निरीक्षण किया।
त्रिशानु राय ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती प्रत्येक पात्र नागरिक के मताधिकार से जुड़ी है। उन्होंने सभी मतदाताओं से मतदाता सूची में अपना नाम, पता और अन्य विवरण का सावधानीपूर्वक सत्यापन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिन पात्र नागरिकों का नाम सूची में शामिल नहीं है, वे फॉर्म-6 के माध्यम से नया नाम जुड़वा सकते हैं। वहीं किसी प्रकार की आपत्ति दर्ज कराने के लिए फॉर्म-7 तथा मतदाता सूची में त्रुटि सुधार के लिए फॉर्म-8 का उपयोग किया जा सकता है।
उन्होंने पहली बार मतदान करने वाले युवाओं से भी मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने की अपील की। उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 5 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक दावा एवं आपत्ति स्वीकार किए जाएंगे। इस अवधि में पात्र मतदाता अपने मतदाता संबंधी सभी आवश्यक संशोधन निर्धारित प्रपत्रों के माध्यम से करा सकते हैं।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाध्यापक सह बीएलओ स्वयंसेवक निर्मल चंद्र त्रिपाठी, बीएलओ पर्यवेक्षक राकेश कुमार सिंह, स्थानीय निवासी धीरज अग्रवाल, नितीन अग्रवाल, शिक्षक अरुण प्रसाद, सेवानिवृत्त शिक्षक जहाँगीर आलम सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

