Breaking
Tue. Aug 4th, 2026

सदर अस्पताल में 10 मोतियाबिंद मरीजों का सफल ऑपरेशन

चाईबासा: अंधापन नियंत्रण कार्यक्रम के तहत सदर प्रखंड स्थित नेत्र चिकित्सालय, सदर अस्पताल चाईबासा में मंगलवार को 10 मोतियाबिंद मरीजों का सफल ऑपरेशन किया गया। सभी ऑपरेशन नेत्र सर्जन डॉ. सेलिन सोसन टोपनो के नेतृत्व में संपन्न हुए।

अस्पताल प्रबंधन के अनुसार मोतियाबिंद से पीड़ित मरीजों की जांच के बाद उन्हें ऑपरेशन के लिए चयनित किया गया था। निर्धारित प्रक्रिया के तहत सभी मरीजों का सफलतापूर्वक ऑपरेशन किया गया। ऑपरेशन के बाद मरीजों को आवश्यक दवाएं, देखभाल और समय-समय पर जांच कराने की सलाह भी दी गई।

इस अवसर पर सदर अस्पताल के नेत्र पदाधिकारी डॉ. मनोज सिंह मुंडा ने बताया कि अंधापन नियंत्रण कार्यक्रम का उद्देश्य मोतियाबिंद से पीड़ित लोगों को समय पर उपचार उपलब्ध कराकर उनकी दृष्टि को सुरक्षित रखना है। उन्होंने लोगों से अपील की कि आंखों की रोशनी कम होने या मोतियाबिंद के लक्षण दिखाई देने पर निकटतम स्वास्थ्य केंद्र या सदर अस्पताल में जांच अवश्य कराएं, ताकि समय पर उपचार मिल सके।

सफल ऑपरेशन में अस्पताल के चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम के दौरान नेत्र सहायक रमण कुमार सिंह, कविता महतो, परिचारिका ज्योति हेरेंज, ड्रेसर अरविंद परमहंस कुजूर, स्वास्थ्यकर्मी संजना देवी तथा प्रशिक्षु एएनएम छात्राओं ने भी सहयोग किया।

अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि अंधापन नियंत्रण कार्यक्रम के तहत आगे भी नियमित रूप से मोतियाबिंद जांच एवं ऑपरेशन शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद मरीजों को इसका लाभ मिल सके।

Related Post