Breaking
Mon. Aug 3rd, 2026

पूर्व की रंजिश में दंपती की हत्या का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार; हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम पुलिस ने कुमारडुंगी थाना क्षेत्र के गंडकीदा गांव में मिले दंपती के दोहरे हत्याकांड का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सोमवार को चाईबासा स्थित सदर अनुमंडल पदाधिकारी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में जगन्नाथपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रफायल मुर्मू ने बताया कि यह हत्या पूर्व की आपसी रंजिश के कारण की गई थी। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त पत्थर, डंडा, कुल्हाड़ी तथा खून से सने कपड़े भी बरामद किए हैं।

उन्होंने बताया कि 31 जुलाई 2026 को कुमारडुंगी थाना क्षेत्र के ग्राम गंडकीदा स्थित सरकारी तालाब के समीप एक पुरुष और एक महिला का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। जांच के दौरान मृतकों की पहचान डूयां सिंकू (44) और उनकी पत्नी रोयवारी उर्फ गोरवारी सिंकू (42), निवासी गंडकीदा टोला विश्रामपुर, थाना कुमारडुंगी, जिला पश्चिमी सिंहभूम के रूप में हुई।

मृतक की बहू शीला सिंकू के लिखित आवेदन के आधार पर कुमारडुंगी थाना कांड संख्या 18/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) एवं 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।

घटनास्थल के निरीक्षण, गवाहों के बयान और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने इस हत्याकांड में विजय गागराई उर्फ रोड़ो गागराई (22), गिरधारी काँडाकेल उर्फ भुकलू उर्फ दासो (28), चन्द्रमोहन पूर्ति उर्फ दारा (25) तथा पांडू काँडाकेल (36), सभी निवासी गंडकीदा, थाना कुमारडुंगी, को आरोपी के रूप में चिन्हित किया।

विशेष छापेमारी अभियान चलाकर पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान सभी आरोपियों ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त पत्थर, डंडा, कुल्हाड़ी और खून से सने कपड़े बरामद किए गए। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

इस पूरे मामले के खुलासे में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी जगन्नाथपुर, अंचल पुलिस पदाधिकारी झींकपानी, कुमारडुंगी थाना प्रभारी, पुलिस अवर निरीक्षक मिलन करमाली, सहायक अवर निरीक्षक सुनील कुमार यादव तथा कुमारडुंगी थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Post