Breaking
Sun. Aug 2nd, 2026

रांची रेलवे स्टेशन पर लावारिस बैग से 15 बोतल विदेशी शराब बरामद, उत्पाद विभाग को सौंपा गया मामला

रांची। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) पोस्ट, रांची ने ऑपरेशन “सतर्क” के तहत रेलवे स्टेशन परिसर में चलाए गए विशेष जांच अभियान के दौरान एक लावारिस बैग से 15 बोतल विदेशी शराब बरामद की है। बरामद शराब को जब्त कर आगे की कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग को सौंप दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, स्टेशन परिसर में असामाजिक और अवांछनीय गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से आरपीएफ द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान शनिवार रात करीब नौ बजे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया स्थित पिक-एंड-ड्रॉप लेन में एक सफेद रंग का प्लास्टिक बैग संदिग्ध स्थिति में पड़ा मिला। आरपीएफ जवानों ने आसपास मौजूद लोगों से बैग के संबंध में पूछताछ की और काफी देर तक उसके मालिक की तलाश की, लेकिन कोई भी व्यक्ति बैग पर दावा करने सामने नहीं आया।

इसके बाद बैग की तलाशी लेने पर उसमें रॉयल स्टैग व्हिस्की की कुल 15 बोतलें बरामद हुईं। बरामद शराब की अनुमानित बाजार कीमत करीब 5,200 रुपये बताई गई है। आरपीएफ ने सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शराब को जब्त कर लिया और आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग, रांची के हवाले कर दिया। मामले में संबंधित एजेंसियां अब शराब के स्रोत और उसे स्टेशन परिसर में छोड़ने वाले व्यक्ति की पहचान करने में जुटी हैं।

Related Post