चाईबासा: अखिल भारतीय मारवाड़ी सम्मेलन, चाईबासा शाखा की ओर से एक और दो अगस्त को स्थानीय खिरवाल बैंक्विट हॉल में दो दिवसीय सावन मेले का आयोजन किया गया है। मेले का उद्घाटन चाईबासा नगर परिषद अध्यक्ष नितिन प्रकाश ने किया। आयोजन में बड़ी संख्या में महिलाओं, बच्चों और शहरवासियों ने भाग लिया।
मेले में बाहर से आए करीब 25 स्टॉल लगाए गए, जिनमें कुर्ती, राखी, बंदनवार, गिफ्ट आइटम, ओरिजिनल डायमंड, आर्टिफिशियल ज्वेलरी, बैग तथा विभिन्न खान-पान के व्यंजनों के स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहे। इसके अलावा मुख्य बधिर विद्यालय के बच्चों द्वारा तैयार किए गए हस्तनिर्मित सामान, जैसे पेन स्टैंड, आसन, पेंटिंग और अन्य सजावटी वस्तुओं का स्टॉल भी लगाया गया। समिति की ओर से इस स्टॉल के लिए निशुल्क स्थान उपलब्ध कराया गया, ताकि बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिल सके।
महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जरूरतमंद महिलाओं के पापड़, चिप्स और अचार के उत्पादों का स्टॉल भी नि:शुल्क उपलब्ध कराया गया। वहीं कम लागत पर नोट करेंसी चेंज का स्टॉल भी लगाया गया।
कार्यक्रम के दौरान नितिन प्रकाश ने कक्षा 10वीं, 12वीं, एमबीए और सीए में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को शैक्षणिक पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। इसके साथ ही शाखा स्तर पर आयोजित झूला सजाओ, टेबल रनर और विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी पुरस्कार दिए गए। राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित मंडला आर्ट, रक्तदान, वॉल हैंगिंग, बंदनवार और नाटक प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया।
आयोजन को सफल बनाने में शाखा की संरक्षिका गोमती, पूर्व अध्यक्ष रजनी, कविता शर्मा, उपाध्यक्ष हेमलता, इस सत्र की प्रकल्प प्रमुख लता, कार्यकारिणी सदस्य सविता, सचिव विनीता, कोषाध्यक्ष डिंपल अग्रवाल सहित समिति की सभी महिलाओं का सक्रिय सहयोग रहा।
शाखा अध्यक्ष संगीता मुंधड़ा ने कहा कि सावन मेला का उद्देश्य महिलाओं को मंच उपलब्ध कराने, स्वरोजगार को बढ़ावा देने तथा सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों, प्रतिभागियों और आगंतुकों का आभार व्यक्त किया।
मारवाड़ी सम्मेलन के दो दिवसीय सावन मेले का समापन, मेधावी विद्यार्थियों व प्रतियोगिता विजेताओं को किया गया सम्मानित

