Breaking
Fri. Jul 31st, 2026

नोवामुंडी के ताड़ेया गांव में मलेरिया का कहर, एक सप्ताह में दो बच्चों की मौत

कई बच्चे अब भी बीमार, एक ही परिवार के तीन सदस्य मिले मलेरिया पॉजिटिव

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले में मलेरिया का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। अब नोवामुंडी प्रखंड के सुदूरवर्ती ताड़ेया गांव से मलेरिया से दो बच्चों की मौत का मामला सामने आया है। गांव के हमसदा टोला में एक सप्ताह के भीतर दो मासूम बच्चों की मौत होने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 24 जुलाई को दो वर्षीय दामू सिरका की मौत हो गई, जबकि 28 जुलाई को ढाई वर्षीय रासी सिरका ने भी दम तोड़ दिया। बताया गया कि दोनों बच्चों की तबीयत खराब होने पर गांव की स्वास्थ्य सहिया ने मेडिकल किट से जांच की थी, जिसमें दोनों में मलेरिया की पुष्टि हुई थी।

ग्रामीणों के अनुसार, गांव में अभी भी आधा दर्जन से अधिक बच्चे बुखार और अन्य लक्षणों से पीड़ित हैं। शुक्रवार को गांव में 10 लोगों की जांच की गई, जिसमें एक ही परिवार के तीन सदस्य मलेरिया पॉजिटिव पाए गए हैं। इससे गांव में मलेरिया संक्रमण को लेकर चिंता और बढ़ गई है।

ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में मलेरिया के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग से गांव में विशेष चिकित्सा शिविर लगाने, सभी लोगों की जांच कराने, आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराने तथा मच्छर नियंत्रण के लिए फॉगिंग और कीटनाशक छिड़काव कराने की मांग की है।

मामले के सामने आने के बाद क्षेत्र के लोगों में भय का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि समय पर प्रभावी स्वास्थ्य सुविधाएं और बचाव के उपाय नहीं किए गए तो मलेरिया का प्रकोप और गंभीर रूप ले सकता है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से गांव में जांच और उपचार अभियान तेज किए जाने की उम्मीद जताई जा रही है।

Related Post