Breaking
Thu. Oct 22nd, 2026

बोकारो सदर अस्पताल के फिजियोथैरेपी कक्ष में फिजियोथैरेपिस्ट का शव मिलने से सनसनी, जांच में जुटी पुलिस

बोकारो। बोकारो सदर अस्पताल में कार्यरत फिजियोथैरेपिस्ट वीरेंद्र कुमार महतो का शव गुरुवार शाम अस्पताल के फिजियोथैरेपी कक्ष में फंदे से लटका मिलने से हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल प्रबंधन ने पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने सीलिंग फैन से लटके शव को नीचे उतारकर अपने कब्जे में ले लिया। मृतक सेक्टर-1 स्थित अपने आवास पर परिवार के साथ रहते थे।

नगर पुलिस उपाधीक्षक राजीव रंजन ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। घटना के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ-साथ मृतक के परिजनों और अस्पताल कर्मियों से भी पूछताछ करेगी, ताकि घटना की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।

सिविल सर्जन डॉ. अभय भूषण प्रसाद ने बताया कि वीरेंद्र कुमार महतो गुरुवार को अपने गांव से सीधे ड्यूटी पर सदर अस्पताल पहुंचे थे। देर रात करीब साढ़े नौ बजे उन्हें घटना की सूचना मिली। उन्होंने बताया कि अस्पताल के सफाईकर्मियों ने शाम के समय फिजियोथैरेपी कक्ष का दरवाजा खुला देखा, जिसके बाद अंदर जाकर घटना का पता चला। उन्होंने कहा कि वीरेंद्र कुमार समय के बेहद पाबंद, अनुशासित और अपने कार्य के प्रति समर्पित कर्मचारी थे। उनके इस तरह निधन की खबर से अस्पताल के चिकित्सकों और कर्मचारियों में शोक का माहौल है।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Post