Breaking
Thu. Jul 30th, 2026

खेत में काम के दौरान सांप ने डसा, इलाज के दौरान महिला की मौत

जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले के चाकुलिया प्रखंड की कालियाम पंचायत स्थित काठालिया गांव में जहरीले सांप के काटने से एक महिला की मौत हो गई। कई दिनों तक इलाज कराने के बाद पश्चिम बंगाल के झारग्राम अस्पताल में गुरुवार को उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है।

मृतका की पहचान काठालिया गांव निवासी सरला किस्कू के रूप में हुई है। वह गांव के ग्राम प्रधान मानिक चंद्र किस्कू की पत्नी थीं। बताया गया कि 25 जुलाई को खेत में कृषि कार्य के दौरान उन्हें जहरीले सियाल चांदा सांप ने काट लिया था। सांप के डसने के बाद परिजन उन्हें तत्काल चाकुलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां प्राथमिक उपचार किया गया।

चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पश्चिम बंगाल के झारग्राम अस्पताल रेफर कर दिया। वहां कई दिनों तक इलाज चला, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद गुरुवार को उनकी मौत हो गई।

कालियाम पंचायत के मुखिया दासो हेंब्रम ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए उनके पैतृक गांव लाया जाएगा। महिला की असामयिक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

Related Post