Breaking
Thu. Jul 30th, 2026

**चक्रधरपुर में दो दवा दुकानों का औचक निरीक्षण, रिकॉर्ड मिले सही, सीसीटीवी और अग्निशामक लगाने के निर्देश**

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम के चक्रधरपुर अनुमंडल क्षेत्र में ड्रग इंस्पेक्टर ने गुरुवार को एक खुदरा और एक थोक दवा दुकान का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य नशे के लिए दुरुपयोग की आशंका वाली दवाओं की उपलब्धता, रख-रखाव और रिकॉर्ड की जांच करना था।

जांच के दौरान दोनों प्रतिष्ठानों में न्यूरोलॉजिकल बीमारी से संबंधित दवाएं उपलब्ध मिलीं। अधिकारियों ने इन दवाओं के क्रय, विक्रय और स्टॉक का मिलान किया, जो अभिलेखों के अनुरूप और संतोषजनक पाया गया। दवाओं के रख-रखाव और रिकॉर्ड संधारण में किसी प्रकार की अनियमितता नहीं मिली।

निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि दोनों दुकानों में कोडीन युक्त कफ सिरप उपलब्ध नहीं था। साथ ही औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम के प्रावधानों के अनुरूप दवाओं के भंडारण की व्यवस्था भी संतोषजनक पाई गई।

जांच के दौरान एक दवा दुकान में सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा मिला। इस पर संबंधित संचालक को जल्द से जल्द सीसीटीवी कैमरा लगाने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा दोनों दुकानों में अग्निशामक यंत्र भी उपलब्ध नहीं पाए गए। अधिकारियों ने दुकानदारों को एक सप्ताह के भीतर अग्निशामक यंत्र लगाने का निर्देश देते हुए कहा कि आपात स्थिति से निपटने के लिए यह व्यवस्था अनिवार्य है।

निरीक्षण के दौरान किसी भी दुकान के खिलाफ नशीली दवाओं के अवैध उपयोग या अन्य संदिग्ध गतिविधियों से संबंधित कोई शिकायत नहीं मिली। दोनों दुकानों में नशीली दवाओं के दुरुपयोग के प्रति जागरूकता संबंधी पोस्टर भी लगाए गए थे।

अधिकारियों ने दवा विक्रेताओं को निर्देश दिया कि यदि भविष्य में किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तुरंत संबंधित अधिकारियों या निकटतम पुलिस थाना को दें, ताकि समय पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा सके।

Related Post