सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित ग्लोरिया इंजीनियरिंग कंपनी में गुरुवार को हुए सिलेंडर विस्फोट ने एक मजदूर की जान ले ली। हादसे में गंभीर रूप से झुलसे कंपनी के ऑपरेटर मुरली पात्रो की इलाज के दौरान टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच), जमशेदपुर में मौत हो गई। इस दुर्घटना में एक महिला कर्मी सहित कुल सात कर्मचारी घायल हुए हैं, जिनका अलग-अलग अस्पतालों में उपचार चल रहा है।
मृतक मुरली पात्रो (30) गम्हरिया थाना क्षेत्र के बासुरदा गांव के निवासी थे। वह लंबे समय से कंपनी में ऑपरेटर के रूप में कार्यरत थे। विस्फोट में सबसे अधिक झुलसने के कारण उन्हें गंभीर अवस्था में टीएमएच ले जाया गया था, जहां चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
हादसे में घायल सूरज हांसदा, सोनमुनी दास और अनिल यादव का इलाज टीएमएच में जारी है। वहीं शैलेंद्र महतो, अंकित कुमार और प्रकाश बोदरा को स्थानीय संजीवनी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायलों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
प्रारंभिक जांच में घटना का कारण गैस सिलेंडर में विस्फोट माना जा रहा है, लेकिन आखिर विस्फोट किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी पुष्टि अभी नहीं हो सकी है। पुलिस तकनीकी खराबी, गैस रिसाव या अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
घटना की सूचना मिलने के बाद आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और फैक्ट्री परिसर का निरीक्षण किया। जांच के दौरान कंपनी प्रबंधन से भी पूछताछ की जा रही है। साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि औद्योगिक इकाई में सुरक्षा संबंधी सभी मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं।
इधर, हादसे के कई घंटे बाद भी ग्लोरिया इंजीनियरिंग कंपनी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। कंपनी प्रबंधन की चुप्पी को लेकर श्रमिकों और स्थानीय लोगों के बीच सवाल उठ रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी। यदि किसी प्रकार की लापरवाही या सुरक्षा नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो संबंधित लोगों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

