सिमडेगा। जिले के रेंगारीह थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद के दौरान पिता की हत्या करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी को बुधवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 24 जुलाई की रात करीब आठ बजे रेंगारीह थाना क्षेत्र के चिडरा टोली गांव में एक्सन मिंज और उसकी बहन यशवंती मिंज के बीच घर में खाना बनाने को लेकर विवाद हो गया। दोनों के बीच बढ़ते विवाद को शांत कराने के लिए उनके पिता मिखैल मिंज (52) बीच-बचाव करने पहुंचे। इसी दौरान गुस्से में आकर एक्सन मिंज ने बांस के डंडे से अपने पिता के सिर और शरीर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल मिखैल मिंज को अगले दिन 25 जुलाई को इलाज के लिए सदर अस्पताल, सिमडेगा में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान 27 जुलाई को उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद मृतक के भतीजे फुलजेम्स मिंज के लिखित बयान के आधार पर रेंगारीह थाना में कांड संख्या 09/26 दर्ज किया गया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर वरीय पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी एक्सन मिंज (25) को 28 जुलाई को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बुधवार को उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

