चतरा : सात माह से मानदेय का भुगतान नहीं होने से नाराज जिले के आउटसोर्सिंग स्वास्थ्य कर्मियों ने सिविल सर्जन कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। कर्मियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द बकाया मानदेय का भुगतान नहीं किया गया तो जिले की स्वास्थ्य सेवाएं ठप कर दी जाएंगी।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सात महीने से वेतन नहीं मिलने के कारण उनके सामने गंभीर आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है और परिवार का भरण-पोषण करना मुश्किल हो गया है।
प्रदर्शन के दौरान कर्मियों ने सिविल सर्जन डॉ. सत्येंद्र प्रसाद सिन्हा के साथ वार्ता भी की। इस दौरान कमांडो कंपनी के मैनेजर को भी कर्मियों के आक्रोश का सामना करना पड़ा।
वार्ता के बाद सिविल सर्जन ने आश्वासन दिया कि बकाया मानदेय के भुगतान की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि फिलहाल दो माह के मानदेय का भुगतान सिविल सर्जन कार्यालय के माध्यम से किया जाएगा और इसका बिल आज ही ट्रेजरी भेजा जा रहा है। साथ ही जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के प्रभारियों को भी तत्काल बिल जमा करने का निर्देश दिया गया है।
सिविल सर्जन ने कहा कि शेष पांच माह का मानदेय कमांडो कंपनी अपने स्तर से भुगतान करेगी। इसके लिए आवश्यक आवंटन उपलब्ध करा दिया गया है।
आश्वासन के बाद कर्मियों ने फिलहाल आंदोलन स्थगित कर दिया, लेकिन समय पर भुगतान नहीं होने पर फिर से आंदोलन की चेतावनी दी।

