चाईबासा: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चल रहे मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत पश्चिमी सिंहभूम ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। जिले के सभी पांच विधानसभा क्षेत्रों चाईबासा, मझगांव, जगन्नाथपुर, मनोहरपुर और चक्रधरपुर में प्राप्त प्रपत्रों का शत-प्रतिशत डिजिटाइजेशन सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। इसके साथ ही पश्चिमी सिंहभूम झारखंड का पहला जिला बन गया है, जिसने निर्धारित समय के भीतर सभी विधानसभा क्षेत्रों में यह कार्य 100 प्रतिशत पूरा किया है।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मनीष कुमार ने इस उपलब्धि पर सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों, बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ), बीएलओ सुपरवाइजरों, स्वयंसेवकों, डेटा एंट्री ऑपरेटरों तथा निर्वाचन कार्य से जुड़े सभी अधिकारियों और कर्मियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि समय-समय पर आयोजित प्रशिक्षण, लगातार मॉनिटरिंग और सभी स्तरों पर बेहतर समन्वय के कारण यह लक्ष्य निर्धारित समय में पूरा हो सका।
मनीष कुमार ने विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों द्वारा प्रत्येक मतदान केंद्र पर नियुक्त बूथ लेवल एजेंट-2 (बीएलए-2) के सहयोग की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को पारदर्शी, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने डेटा एंट्री ऑपरेटरों, तकनीकी सहयोगियों और निर्वाचन कार्य से जुड़े सभी कर्मियों को भी इस सफलता का सहभागी बताया।
उन्होंने बताया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत जिले के सभी मतदान केंद्रों पर 27, 28 और 29 जुलाई को विशेष शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में मतदाता सूची का अवलोकन, नाम, पता, आयु, फोटो एवं अन्य विवरणों में सुधार सहित निर्वाचन संबंधी कार्य किए जाएंगे।
उपायुक्त ने जिले के सभी पात्र मतदाताओं से अपील की कि वे विशेष शिविरों में पहुंचकर मतदाता सूची में दर्ज अपने विवरण का सत्यापन करें। यदि किसी प्रकार की त्रुटि हो तो संबंधित बीएलओ से संपर्क कर समय पर सुधार कराएं, ताकि आगामी चुनाव के लिए शुद्ध और त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार की जा सके।

