Breaking
Fri. Jul 24th, 2026

मंईयां सम्मान योजना के पोर्टल की तकनीकी खामियों से हजारों लाभुक प्रभावित, त्रिशानु राय ने सचिव से की समाधान की मांग

चाईबासा: झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के पोर्टल में आ रही तकनीकी त्रुटियों से पश्चिमी सिंहभूम जिले के हजारों लाभुकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में कांग्रेस जिला प्रवक्ता सह सामाजिक कार्यकर्ता त्रिशानु राय ने शुक्रवार को महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग, झारखंड सरकार के सचिव को उपायुक्त, पश्चिमी सिंहभूम के माध्यम से पत्र भेजकर शीघ्र समाधान की मांग की है।

त्रिशानु राय ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत लाभुकों के भौतिक सत्यापन के दौरान बड़ी संख्या में ऐसे मामले सामने आए हैं, जिनमें लाभुकों का नाम, पिता या पति का नाम, आधार संख्या, राशन कार्ड संख्या, जन्मतिथि, बैंक खाता संख्या, बैंक का नाम और आईएफएससी कोड सहित अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां पोर्टल पर गलत दर्ज हैं। कई मामलों में लाभुकों के नाम की जगह विशेष चिन्ह प्रदर्शित हो रहे हैं, जिससे सत्यापन कार्य प्रभावित हो रहा है। वहीं कई पात्र महिलाओं का नाम पोर्टल से अस्थायी रूप से हट गया है।

उन्होंने कहा कि प्रभावित लाभुक आवश्यक दस्तावेजों के साथ संबंधित प्रखंड कार्यालयों में लगातार संशोधन के लिए आवेदन दे रहे हैं, लेकिन पोर्टल पर संशोधन की सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण जिला और प्रखंड प्रशासन भी त्रुटियों को सुधारने में असमर्थ है। इससे पश्चिमी सिंहभूम जिले के हजारों पात्र लाभुकों के योजना के लाभ से वंचित होने की आशंका बनी हुई है।

त्रिशानु राय ने राज्य सरकार से मांग की है कि पोर्टल पर लाभुकों के सभी आवश्यक विवरणों में संशोधन की तकनीकी सुविधा तत्काल उपलब्ध कराई जाए। साथ ही जिला और प्रखंड स्तर के अधिकृत पदाधिकारियों को भौतिक सत्यापन और उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर त्रुटियों में संशोधन करने का अधिकार दिया जाए। इसके अलावा तकनीकी या डाटा प्रविष्टि की त्रुटि के कारण योजना से वंचित हुए पात्र लाभुकों को पुनः योजना से जोड़ने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं।

उन्होंने कहा कि झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना राज्य सरकार की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना है और तकनीकी त्रुटियों के कारण किसी भी पात्र महिला को योजना के लाभ से वंचित नहीं किया जाना चाहिए।

Related Post