चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुवा थाना क्षेत्र के सारंडियापोस गांव के पास शुक्रवार सुबह एक युवक का शव नाले में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पोड़ाहाट गांव और सारंडियापोस के बीच स्थित नाले में युवक का शव पानी में पेट के बल पड़ा हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और इसकी सूचना सोनुवा थाना पुलिस को दी।
सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को नाले से बाहर निकाला। बाद में परिजनों ने शव की पहचान सारंडियापोस गांव निवासी 25 वर्षीय कानुराम टोपनो, पिता कैरा टोपनो के रूप में की। युवक की मौत की खबर से परिवार में मातम का माहौल है।
परिजनों ने बताया कि बुधवार शाम क्षेत्र में हुई भारी बारिश के बाद कानुराम टोपनो मछली पकड़ने के लिए नाले की ओर गए थे। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिवार के लोगों ने उनकी खोजबीन शुरू की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला। लगातार दो दिनों तक तलाश करने के बाद शुक्रवार सुबह नाले में उनका शव मिलने की सूचना मिली।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि युवक की मौत पानी में डूबने से हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह है।
सोनुवा थाना प्रभारी शशी बाला भेंगरा ने बताया कि परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया मामला डूबने का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

