Breaking
Wed. Jul 22nd, 2026

किरीबुरू में दुकान का ताला तोड़ नकदी से भरा कैश बॉक्स ले उड़े चोर, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के किरीबुरू स्थित प्रोस्पेक्टिंग चौक में मंगलवार देर रात एक दुकान में चोरी की घटना सामने आई। अज्ञात चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर अंदर रखे कैश बॉक्स पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार, प्रोस्पेक्टिंग चौक स्थित नोबो पुथाल की दुकान को चोरों ने 21 और 22 जुलाई की मध्यरात्रि करीब 1:30 बजे निशाना बनाया। दुकान संचालक नोबो पुथाल ने बताया कि चोर लोहे के औजार की मदद से दुकान के साइड गेट में लगे ताले और कुंडी को उखाड़कर अंदर घुसे। इसके बाद वे दुकान में रखा कैश बॉक्स उठाकर फरार हो गए। कैश बॉक्स में कितनी नकदी थी, इसका अभी तक सही आकलन नहीं हो पाया है।

उन्होंने बताया कि दुकान में रखे अन्य सामान, विशेषकर खाने-पीने की वस्तुओं को चोरों ने हाथ तक नहीं लगाया, जिससे साफ है कि उनकी नजर केवल नकदी पर थी। घटना के समय इलाके में तेज बारिश हो रही थी, जिसका फायदा उठाकर बदमाशों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

घटना स्थल के पास लगे एक सीसीटीवी कैमरे में दो संदिग्ध युवक हाथ में लोहे का सरिया लिए दुकान की ओर जाते और कुछ मिनट बाद तेजी से वापस लौटते हुए दिखाई दे रहे हैं। माना जा रहा है कि यही दोनों युवक चोरी की घटना में शामिल हो सकते हैं।

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि फुटेज के आधार पर जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

Related Post