कोडरमा/जयनगर। जयनगर थाना क्षेत्र के डीवीसी केटीपीएस प्लांट के फेज टू के निर्माण कार्य में लगी भेल कंपनी के नवनिर्मित कार्यालय भवन के मेस (रसोईघर) के बगल में एक 38 वर्षीय महिला का शव संदिग्ध अवस्था में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर भारी संख्या में महिला-पुरुष जमा हो गए और जमकर हंगामा किया। परिजनों ने आरोप लगाया है कि महिला के साथ दुष्कर्म कर उसकी हत्या की गई है। उन्होंने घटना में शामिल आरोपियों की अविलंब गिरफ्तारी एवं निष्पक्ष जांच की मांग की।
सूचना मिलते ही जयनगर थाना प्रभारी विकास कुमार, चंदवारा थाना प्रभारी शैलेन्द्र कुमार तथा महिला थाना प्रभारी हेमा कुमारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। मृतका की पहचान चंदवारा प्रखंड के कांको निवासी स्वर्गीय किसुन पंडित की 38 वर्षीय पुत्री मसोमात बिंदु देवी के रूप में हुई है। मृतका भेल कंपनी के ठेकेदार सिंघानिया कंपनी में कुक का काम करती थी।
परिजनों के अनुसार, मृतका प्रत्येक दिन की तरह रविवार को भी काम पर गई थी और अपना कार्य भी किया, लेकिन शाम तक घर नहीं लौटी। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी देर तक कोई जानकारी नहीं मिलने पर मृतका के भाई मुकेश पंडित तिलैया डैम थाना पहुंचे, जहां उन्हें घटना स्थल जयनगर थाना क्षेत्र में होने की बात कहकर जयनगर थाना भेज दिया गया। सोमवार को उन्होंने जयनगर थाना में बहन की गुमशुदगी और खोजबीन को लेकर आवेदन दिया। मंगलवार को करीब 11 बजे उन्हें सूचना मिली कि जहां वह काम करती थी, उसी रसोईघर के बगल में उसकी बहन का शव पड़ा है।
पुलिस जब शव उठाने पहुंची तो परिजनों और ग्रामीणों ने हत्यारों की गिरफ्तारी तथा मुआवजे की मांग को लेकर विरोध किया। बाद में स्थानीय समाजसेवियों, भेल कंपनी एवं डीवीसी प्रबंधन के साथ हुई वार्ता के बाद मृतका की आश्रित पुत्री को भेल कंपनी कार्यालय में रोजगार तथा परिजनों को 13 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने पर सहमति बनी। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कोडरमा भेज दिया।
बताया गया कि मृतका की ससुराल चौपारण में है और उसके पति का पहले ही निधन हो चुका है। मृतका की दो पुत्रियां और एक 9 वर्षीय पुत्र है। पहले पिता और अब मां की मौत के बाद तीनों बच्चे अनाथ हो गए हैं।
वार्ता में भेल कंपनी के पीएमसी चटोपाध्याय, डीवीसी एचआर आशीष कुमार, जिला परिषद सदस्य महादेव राम, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेश यादव, रविशंकर यादव, मजदूर नेता विजय पासवान, उमेश यादव, अरुण यादव, प्रकाश रजक, केदार भारती, राजेश यादव समेत कई लोग उपस्थित रहे।

