Breaking
Tue. Jul 21st, 2026

एमजीएम अस्पताल में छह घंटे में चार चोरियां, सीसीटीवी में कैद हुआ संदिग्ध

जमशेदपुर। कोल्हान के सबसे बड़े एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। रविवार देर रात से सोमवार सुबह के बीच महज छह घंटे के भीतर अस्पताल के अलग-अलग वार्डों में चोरी की चार घटनाएं सामने आई हैं। इन घटनाओं में चार मोबाइल फोन और 10 हजार रुपये नकद चोरी होने की शिकायत मिली है। लगातार हुई चोरियों के बाद अस्पताल प्रबंधन हरकत में आया है। अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध युवक की तलाश की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, बोड़ाम प्रखंड के नूतनडीह गांव निवासी रूपाली महतो अस्पताल के गायनिक वार्ड की तीसरी मंजिल पर भर्ती हैं। रविवार देर रात करीब 12:30 बजे उनका लगभग 19 हजार रुपये कीमत का मोबाइल फोन चोरी हो गया। उनके पति दुलाल महतो ने अस्पताल अधीक्षक को आवेदन देकर सीसीटीवी फुटेज की जांच कराने की मांग की। फुटेज में एक युवक वार्ड में प्रवेश कर मोबाइल लेकर बाहर निकलता दिखाई दिया।

दूसरी घटना सोमवार सुबह करीब छह बजे अस्पताल के ग्राउंड फ्लोर पर हुई। ईचागढ़ थाना क्षेत्र के मैसाड़ा गांव निवासी मनसा गोप ने बताया कि वह बाथरूम में मुंह धोने गए थे और अपना मोबाइल बाहर स्लैब पर रख दिया था। लौटने पर मोबाइल गायब मिला। मोबाइल कवर में रखे 10 हजार रुपये नकद भी चोरी हो गए। मनसा गोप ने बताया कि उनकी पत्नी 15 जुलाई से अस्पताल में भर्ती हैं और चोरी के बाद उनके पास खाने तक के पैसे नहीं बचे, जिसके कारण उन्हें 500 रुपये उधार लेने पड़े।

तीसरी वारदात बिष्टुपुर निवासी संजय डालमिया के परिवार के साथ हुई। उनकी पत्नी सोनिया डालमिया का मोबाइल अस्पताल की चौथी मंजिल स्थित वार्ड से चोरी हो गया। मोबाइल चार्जिंग पर लगा था। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार रात 12:07 बजे एक युवक वार्ड में दाखिल हुआ और मोबाइल लेकर फरार हो गया। फुटेज में दिखाई दे रहा युवक वही बताया जा रहा है, जिस पर अन्य चोरियों को अंजाम देने का भी संदेह है।

अस्पताल में एक अन्य मरीज के परिजन का मोबाइल चोरी होने की भी चर्चा है, हालांकि इस मामले में अभी तक किसी प्रकार की लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।

Related Post