Breaking
Tue. Jul 21st, 2026

चतरा में एसपी आवास के सामने दिनदहाड़े फायरिंग, प्राइवेट गार्ड की मौत, पुलिस जवान हिरासत में

चतरा। शहर में मंगलवार को एसपी आवास के सामने दिनदहाड़े हुई गोलीबारी की घटना से सनसनी फैल गई। फायरिंग में एक प्राइवेट गार्ड की मौके पर ही मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जिला बल के एक जवान पर प्राइवेट गार्ड को गोली मारने का आरोप है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए।

सूचना मिलते ही एसपी अनिमेष नैथानी के निर्देश पर सदर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए आरोपी बताए जा रहे जवान को हिरासत में ले लिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए सिमरिया के एसडीपीओ, टंडवा के एसडीपीओ सहित कई वरीय पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।

पुलिस जांच में सामने आया है कि घटनास्थल के समीप खड़ी फोर्ड एंडेवर कार चतरा में बाइपास निर्माण कार्य करा रही रमियां कंस्ट्रक्शन के मालिक गया निवासी रॉकी यादव की बताई जा रही है। पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है। सूत्रों के मुताबिक वाहन से कुछ हथियार भी बरामद किए गए हैं, हालांकि हथियारों की संख्या और बरामदगी से संबंधित जानकारी की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है।

घटना के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र करने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। फिलहाल पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मामले पर सार्वजनिक रूप से कुछ भी कहने से बच रहे हैं। वहीं, समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान और घटना के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी थी।

Related Post