Breaking
Tue. Jul 21st, 2026

डिपर लाइट की चकाचौंध बनी हादसे की वजह, बाइक सवार सचिन निषाद की मौत

चाईबासा: चाईबासा-तांतनगर मुख्य मार्ग पर मरंग गोड़ा गांव के समीप सोमवार देर रात हुए सड़क हादसे में बाइक सवार 39 वर्षीय सचिन निषाद की मौत हो गई। मृतक तांतनगर प्रखंड के कोकचो गांव के निवासी थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सामने से आ रहे एक अज्ञात चारपहिया वाहन की डिपर लाइट की तेज रोशनी से उनकी आंखें चौंधिया गईं, जिससे मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई।

आज पोस्टमार्टम हाउस में मृतक के बड़े भाई मिंटू निषाद ने बताया कि सचिन निषाद सोमवार रात करीब 10 बजे चाईबासा से अपने घर कोकचो लौट रहे थे। इसी दौरान मरंग गोड़ा गांव के पास तेज बारिश हो रही थी। बताया जाता है कि सामने से तेज गति से आ रहे एक अज्ञात चारपहिया वाहन की डिपर लाइट की तेज रोशनी के कारण वह कुछ क्षण के लिए वाहन पर नियंत्रण खो बैठे और उनकी बाइक सड़क पर गिर गई।

हादसे के बाद सचिन निषाद गंभीर रूप से घायल होकर सड़क किनारे पड़े रहे। आसपास के ग्रामीणों ने उन्हें तत्काल सदर अस्पताल, चाईबासा पहुंचाया। उनके सिर में गंभीर चोट लगी थी। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलने पर परिजन सदर अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया।

बताया गया कि सचिन निषाद झींकपानी क्षेत्र में मछली बेचने का व्यवसाय करते थे। उनके परिवार में पत्नी और दो छोटे बच्चे हैं। उनकी असामयिक मौत से परिवार में शोक का माहौल है।

पुलिस अज्ञात चारपहिया वाहन की पहचान करने और दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई है।

Related Post