Breaking
Tue. Jul 21st, 2026

सदर अस्पताल ब्लड बैंक में कार्यरत कर्मी की नियुक्ति की जांच की मांग, उपायुक्त को सौंपा आवेदन

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त मनीष कुमार को सदर अस्पताल, चाईबासा के ब्लड बैंक में कार्यरत जयंत कुमार की नियुक्ति एवं कार्यप्रणाली की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग को लेकर एक आवेदन सौंपा गया है। आवेदन में ब्लड बैंक में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कराने और संबंधित कर्मी को जांच पूरी होने तक कार्य से अलग करने की मांग की गई है।

आवेदन में आरोप लगाया गया है कि ब्लड बैंक में कार्यरत जयंत कुमार के पास ब्लड बैंक से संबंधित आवश्यक तकनीकी योग्यता और प्रशिक्षण नहीं है। साथ ही उनके शैक्षणिक एवं तकनीकी प्रमाण पत्रों की सत्यता पर भी सवाल उठाते हुए जांच की मांग की गई है। आवेदनकर्ता का कहना है कि बिना आवश्यक योग्यता के संवेदनशील विभाग में कार्य करना मरीजों की सुरक्षा के लिए गंभीर चिंता का विषय है।

आवेदन में यह भी कहा गया है कि जयंत कुमार मूल रूप से बिहार के निवासी हैं और उनके दस्तावेज भी बिहार के बताए गए हैं। आवेदनकर्ता ने आरोप लगाया है कि जिले में योग्य स्थानीय युवाओं की उपलब्धता के बावजूद बाहरी व्यक्ति को कार्य पर रखा गया है।

इसके अलावा आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि इस मामले में पहले भी शिकायतें की गईं, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसे लेकर अस्पताल प्रबंधन अथवा संबंधित अधिकारियों की मिलीभगत की आशंका जताई गई है।

उपायुक्त से मांग की गई है कि पूरे मामले की किसी स्वतंत्र एजेंसी अथवा उच्च स्तरीय समिति से निष्पक्ष जांच कराई जाए, जयंत कुमार के शैक्षणिक एवं तकनीकी प्रमाण पत्रों की सत्यता की जांच हो, जांच पूरी होने तक उन्हें ब्लड बैंक के कार्य से अलग रखा जाए तथा यदि किसी प्रकार की अनियमितता सामने आती है तो दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाए।

Related Post