Breaking
Tue. Jul 21st, 2026

सात लाख आबादी के बावजूद भुईयां समाज का नहीं है राजनीतिक प्रतिनिधित्व, जागें और अपनी ताकत पहचानें : दुलाल भुईयां, पलामू जिला कमेटी का पुनर्गठन

पलामू। अखिल भारतीय भुईयां समाज कल्याण समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री दुलाल भुईयां ने कहा कि पलामू जिले में भुईयां समाज की आबादी सात लाख से अधिक होने के बावजूद समाज का राजनीतिक प्रतिनिधित्व नगण्य है। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी जनसंख्या होने के बाद भी दूसरे बिरादरी के लोग विधायक और सांसद बन रहे हैं, जबकि भुईयां समाज अपनी जनसंख्या शक्ति का सही उपयोग नहीं कर पा रहा है। अब समय आ गया है कि समाज जागे, संगठित हो और अपनी ताकत को पहचानते हुए अपने प्रतिनिधियों को विधानसभा और संसद तक पहुंचाने का संकल्प ले।

सोमवार को स्थानीय परिसदन भवन के सभागार में अखिल भारतीय भुईयां समाज कल्याण समिति के तत्वावधान में आयोजित भुईयां समाज के महापंचायत समारोह को संबोधित करते हुए दुलाल भुईयां ने कहा कि समाज की समस्याओं का स्थायी समाधान तभी संभव है, जब समाज का अपना मजबूत राजनीतिक नेतृत्व तैयार होगा। उन्होंने लोगों से एकजुट होकर समाज के योग्य लोगों को विधायक, सांसद और विधान परिषद तक पहुंचाने का आह्वान किया।

महापंचायत के दौरान संगठन को लेकर बड़ा निर्णय लेते हुए दुलाल भुईयां ने पलामू जिला कमेटी को तत्काल प्रभाव से भंग करने की घोषणा की। इसके साथ ही मनोज कुमार भुईयां को नई जिला कमेटी का अध्यक्ष मनोनीत किया गया। उन्होंने निर्देश दिया कि छह माह के भीतर नई जिला कार्यकारिणी का गठन कर उसकी सूची प्रदेश कमेटी को सौंपी जाए। साथ ही जिला स्तर पर युवा मोर्चा और महिला मोर्चा का गठन कर उनकी कार्यकारिणी भी प्रदेश नेतृत्व को भेजी जाए।

दुलाल भुईयां ने समाज की आर्थिक मजबूती पर भी जोर देते हुए प्रत्येक परिवार से प्रतिदिन एक रुपये और एक मुट्ठी चावल समाज के नाम अलग रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि इससे समाज का अपना कोष तैयार होगा, जिससे जरूरतमंद लोगों की सहायता और सामाजिक गतिविधियों का संचालन किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि रविवार को लातेहार में आयोजित कार्यक्रम में दूर-दराज से आए लोगों के लिए संसाधनों की कमी महसूस हुई। समाज के लोगों ने अपनी कमी को समझा और उपवास रहकर भी कार्यक्रम को सफल बनाया।

यदि समाज का अपना फंड होगा तो भविष्य में ऐसी स्थिति नहीं आएगी और जरूरतमंदों की हर संभव मदद की जा सकेगी। उन्होंने उपस्थित लोगों से एक-दूसरे के सुख-दुख में साथ खड़े रहने का संकल्प भी दिलाया।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नुनु लाल भुईयां, प्रदेश अध्यक्ष दिलीप भुईयां, पलामू प्रमंडल प्रभारी गोपाल भुईयां, राजू भुईयां (रविंदर), पूर्वी सिंहभूम जिला अध्यक्ष विशाल नायक भुईयां सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता दुलाल भुईयां ने तथा संचालन चंदन भुईयां ने किया।

महापंचायत में जोगेन्द्र भुईयां, राकेश भुईयां, प्रगास भुईयां, विश्वनाथ भुईयां, छोटू कुमार भुईयां, नीरज कुमार भुईयां, निजी सचिव कुंज विभार, दीपक मंडल, रोहित कुमार भुईयां, रूपेश कुमार भुईयां, मनोज राम, रविशंकर भुईयां, सीताराम भुईयां, रामेश्वर भुईयां, मनोज कुमार भुईयां, अभय कुमार भुईयां, राजू भुईयां (रविंदर), बबलू भुईयां सहित बड़ी संख्या में भुईयां समाज के लोग उपस्थित रहे। समारोह में संगठन विस्तार, सामाजिक एकजुटता और राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई।

Related Post