Breaking
Tue. Jul 21st, 2026

‘तिथि भोजन सह जन्मोत्सव’ कार्यक्रम में उपायुक्त ने बच्चों के साथ मनाया जन्मदिन, विद्यालयों का किया निरीक्षण

चाईबासा: जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मनीष कुमार ने सोमवार को जिले में संचालित “तिथि भोजन सह जन्मोत्सव” कार्यक्रम के तहत पीएम श्री स्कूल टाटा कॉलेज कॉलोनी, आदर्श उत्क्रमित मध्य विद्यालय, सिंहपोखरिया तथा प्राथमिक विद्यालय, गीतिलिपि का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने जुलाई माह में जन्मे विद्यार्थियों के साथ केक काटकर उनका जन्मदिन मनाया और उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

भ्रमण के दौरान उपायुक्त ने विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी पढ़ाई, विद्यालय की गतिविधियों तथा सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने विद्यालयों में संचालित मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता का भी निरीक्षण किया तथा आधारभूत सुविधाओं और शैक्षणिक गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को बच्चों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित एवं प्रेरणादायी वातावरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मनीष कुमार ने कहा कि “तिथि भोजन सह जन्मोत्सव” कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यालयों में बच्चों के प्रति अपनत्व, सम्मान और आत्मीयता की भावना विकसित करना है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों में विद्यालय के प्रति लगाव बढ़ाने के साथ-साथ उनकी नियमित उपस्थिति और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए सकारात्मक वातावरण तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने कहा कि बच्चों का सर्वांगीण विकास राज्य सरकार की प्राथमिकता है। विद्यालयों में इस तरह की गतिविधियां विद्यार्थियों के आत्मविश्वास, सामाजिक सहभागिता और व्यक्तित्व विकास को भी मजबूत करती हैं। उन्होंने शिक्षकों से बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों और रचनात्मक गतिविधियों पर भी विशेष ध्यान देने की अपील की।

भ्रमण के दौरान प्रशिक्षु आईएएस, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Related Post