Breaking
Mon. Jul 20th, 2026

आदित्यपुर हत्याकांड का 24 घंटे में खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार; हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड बरामद

सरायकेला: आदित्यपुर थाना क्षेत्र के बोलायडीह स्थित शीतला मंदिर के समीप 27 वर्षीय जगन्नाथ गोप उर्फ काड़ा की हत्या के मामले का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रेम नायक, शिवम प्रामाणिक, संजय नायक और गणेश नायक के रूप में हुई है। चारों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई लोहे की रॉड भी बरामद कर ली है।

पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने रविवार को आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि उनके निर्देश पर एसडीपीओ शुभम भारद्वाज के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया था। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, स्थानीय सूचना तंत्र और त्वरित अनुसंधान के आधार पर मामले का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया।

एसपी ने बताया कि शुरुआती जांच में हत्या की वजह पुरानी रंजिश सामने आई है। उन्होंने कहा कि गिरफ्तार किए गए चारों आरोपियों के खिलाफ पहले से कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है, जबकि मृतक जगन्नाथ गोप का आपराधिक इतिहास रहा है। हालांकि पुलिस मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है और अनुसंधान अभी जारी है।

गौरतलब है कि शनिवार दोपहर बोलायडीह शीतला मंदिर के समीप जगन्नाथ गोप पर लोहे की रॉड से हमला कर उसकी निर्मम हत्या कर दी गई थी। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में दहशत और सनसनी फैल गई थी। घटना के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए मात्र 24 घंटे के भीतर हत्या की गुत्थी सुलझा ली और सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।

Related Post