Breaking
Fri. Jul 17th, 2026

साहिबगंज में नाबालिग से मुस्लिम युवक पहचान छुपा कर रहा था शादी, आरोपी गिरफ्तार

साहिबगंज। झारखंड के साहिबगंज जिले के बरहेट थाना क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने एक मुस्लिम युवक को नाबालिग हिंदू लड़की को झूठी पहचान बताकर प्रेम संबंध में फंसाने, शादी का झांसा देने और यौन शोषण के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान बरहेट के संताली मोमिन टोला निवासी मनौव्वर अंसारी के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। मामले की जांच जारी है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी और पीड़िता एक ही स्कूल में पढ़ते थे। आरोप है कि मनौव्वर अंसारी ने अपनी वास्तविक पहचान छिपाते हुए खुद को “मनोहर” नाम से परिचित कराया और इसी नाम से नाबालिग से दोस्ती की। धीरे-धीरे उसने लड़की का विश्वास जीत लिया और शादी का झांसा देकर उसे अपने साथ ले जाने लगा।

घटना बुधवार की बताई जा रही है। आरोप है कि युवक नाबालिग को स्कूटी से शिवगादी मंदिर लेकर पहुंचा, जहां उसने उसकी मांग में सिंदूर भर दिया। मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं को युवक की गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिसके बाद उन्होंने तत्काल इसकी सूचना शिवगादी मंदिर प्रबंधन समिति को दी। समिति के सदस्यों ने मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की। फुटेज में पूरी घटना सामने आने के बाद बरहेट थाना पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। जांच के दौरान उसकी स्कूटी की तलाशी लेने पर एक बुर्का भी बरामद हुआ। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या आरोपी लड़की की पहचान छिपाने या उसे लोगों की नजरों से बचाकर ले जाने के लिए बुर्के का इस्तेमाल करता था।

मामले में नया मोड़ तब आया जब पीड़िता की मां ने बरहेट थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि 15 जुलाई को उनकी बेटी स्कूल जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन बाद में उसके साथ अनहोनी की जानकारी मिली। प्राथमिकी में यह भी आरोप लगाया गया है कि 29 जून को भी आरोपी लड़की को बहला-फुसलाकर रांची ले गया था, जहां उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए गए। इन आरोपों की सत्यता की जांच पुलिस कर रही है।

परिजनों के अनुसार, पीड़िता के पिता का निधन हो चुका है और परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है। तीन बहनों वाले इस परिवार में मामा ही बच्चों की पढ़ाई और अन्य खर्च का जिम्मा उठाते हैं। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने परिवार की इसी परिस्थिति का फायदा उठाकर नाबालिग को अपने प्रभाव में लिया।

पुलिस ने पीड़िता को उसकी मां और मामा की मौजूदगी में न्यायालय में प्रस्तुत कराया, जहां मजिस्ट्रेट के समक्ष उसका बयान दर्ज कराया गया। साथ ही मेडिकल जांच और अन्य कानूनी प्रक्रियाएं भी पूरी की जा रही हैं। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नाबालिग से जुड़े मामलों में कानून बेहद सख्त है। यदि जांच में लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं, तो आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के साथ पॉक्सो (POCSO) अधिनियम के तहत भी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आरोपी न्यायिक हिरासत में है और पुलिस मामले से जुड़े सभी साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है।

Related Post