Breaking
Fri. Aug 7th, 2026

कपाली में चोरों का आतंक, एक ही रात दो घरों को बनाया निशाना; नकदी और जेवरात पर किया हाथ साफ

कपाली: सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र के रहमतनगर वार्ड संख्या-15 में शुक्रवार को चोरी की दो घटनाओं ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी। अज्ञात चोरों ने एक बंद मकान का ताला तोड़कर नकदी और जेवरात की चोरी कर ली। वहीं, उसी इलाके के एक अन्य मकान से भी किराये के लिए रखी गई नकदी गायब होने का मामला सामने आया है। लगातार हुई इन घटनाओं से लोगों में दहशत के साथ-साथ पुलिस व्यवस्था को लेकर नाराजगी भी देखी जा रही है।

पीड़ित मोहम्मद अफजल ने बताया कि उनका नया मकान निर्माणाधीन है, इसलिए घर का अधिकांश सामान पास के एक किराये के मकान में रखा गया था। गुरुवार रात पूरा परिवार निर्माणाधीन मकान में सोया हुआ था। शुक्रवार सुबह जब वे सामान देखने किराये के मकान पहुंचे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। घर के अंदर प्रवेश करने पर अलमारी खुली हुई थी, बक्सों के ताले टूटे पड़े थे और सामान बिखरा हुआ था।

अफजल के अनुसार, चोर घर से सोने की बाली, सोने की अंगूठी, चांदी की पायल सहित करीब 40 से 45 हजार रुपये मूल्य के जेवरात और 32 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए। इसी दौरान पास के एक अन्य मकान से भी किराये के लिए रखी गई नकदी चोरी होने की सूचना मिली, जिससे इलाके में भय का माहौल बन गया।

घटना की जानकारी मिलने के बाद कपाली ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा अज्ञात चोरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के लिए जांच तेज कर दी है।

Related Post