Breaking
Fri. Jul 17th, 2026

MMDR एक्ट के तहत अंगवाली बंद खदान पर CISF, CCL और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से कोयला माफिया में हड़कंप अवैध कोयला खनन पर चला कानून का बुलडोजर

बेरमो। सीसीएल ढोरी क्षेत्र के अंगवाली स्थित बंद खदान में लंबे समय से चल रहे अवैध कोयला उत्खनन के खिलाफ सुरक्षा एजेंसियों ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। MMDR एक्ट के तहत सीआईएसएफ (CISF), सीसीएल प्रबंधन और स्थानीय पुलिस-प्रशासन ने एक संयुक्त अभियान चलाकर अवैध खनन स्थलों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से पूरे कोयलांचल के माफिया तंत्र और अवैध धंधेबाजों में हड़कंप मच गया है।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, सीआईएसएफ करगली यूनिट के कमांडेंट राज प्रताप सिंह को अपने मुखबिर तंत्र से सटीक सूचना मिली थी कि अंगवाली की बंद खदान का फायदा उठाकर असामाजिक तत्व बड़े पैमाने पर बेखौफ होकर कोयले का अवैध उत्खनन कर रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए कमांडेंट ने तुरंत इसकी जानकारी सीसीएल ढोरी क्षेत्र के महाप्रबंधक (GM) राजीव कुमार सिंह को दी।

महाप्रबंधक के निर्देश पर बिना वक्त गंवाए सीआईएसएफ, सीसीएल सुरक्षा बल और स्थानीय पुलिस की एक संयुक्त टीम का गठन किया गया। भारी बल के साथ टीम ने अचानक अंगवाली खदान क्षेत्र में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान कानून का बुलडोजर चलाकर अवैध रूप से खोदे गए मुहानों और उत्खनन स्थलों को जमींदोज कर दिया गया। पुलिस को आते देख अवैध धंधे से जुड़े तत्वों में अफरा-तफरी मच गई और वे मौके से भाग खड़े हुए।

अभियान की सफलता के बाद अधिकारियों ने कड़े शब्दों में चेतावनी दी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि खनन क्षेत्रों में किसी भी प्रकार की गैर-कानूनी गतिविधि, प्राकृतिक संसाधनों की लूट और सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाने वाली हरकतों को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

सुरक्षा एजेंसियों ने साफ कर दिया है कि कानून से खिलवाड़ करने वालों और कोयला माफियाओं के खिलाफ आगे भी इसी तरह का सख्त और बेबाक अभियान जारी रहेगा।

Related Post