कांड्रा: सरायकेला-खरसावां जिले के कांड्रा थाना क्षेत्र स्थित लखनासिंह घाटी में गुरुवार दोपहर हुए भीषण सड़क हादसे में मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और उनकी बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। राहगीरों ने तुरंत कांड्रा थाना पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
घायलों की पहचान समाचार लिखे जाने तक नहीं हो सकी थी। अस्पताल में चिकित्सकों ने बताया कि तीनों की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।
दुर्घटना में क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल (संख्या JH 01GP 6471) को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। हादसे के बाद टक्कर मारने वाला वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर फरार वाहन की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
कांड्रा थाना पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान होते ही उसके खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इस हादसे के बाद लखनासिंह घाटी से गुजरने वाले वाहन चालकों को सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की अपील भी की गई है।

