Breaking
Thu. Jul 16th, 2026

बोकारो में जुए के अड्डे पर पुलिस का छापा, छह गिरफ्तार, नकदी समेत कई सामान बरामद

बोकारो: जिले के चास थाना क्षेत्र स्थित अंसारी मोहल्ला कब्रिस्तान के समीप संचालित एक जुए के अड्डे पर पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर छह लोगों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक बोकारो को मिली सूचना के बाद योजनाबद्ध तरीके से की गई।

पुलिस ने बंद चारदीवारी वाले परिसर की घेराबंदी कर छापेमारी की, जहां छह लोग जुआ खेलते मिले। तलाशी के दौरान उनके पास से कुल 36,200 रुपये नकद, आठ मोबाइल फोन, दो कॉपी, चार खुले ताश के गड्डे, दो पैक ताश के गड्डे तथा एक से नौ तक अंकित दो बैनर बरामद किए गए। इन सभी सामानों को जब्त कर लिया गया है।

छापेमारी के दौरान चारदीवारी के बाहर खड़े 10 दोपहिया वाहनों को भी पुलिस ने जब्त कर लिया। पुलिस का मानना है कि इन वाहनों का इस्तेमाल जुआ खेलने पहुंचे लोगों द्वारा किया जा रहा था।

इस मामले में चास थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Related Post