चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला मुख्यालय के व्यस्ततम सदर बाजार में बुधवार को दिनदहाड़े टप्पेबाजी की बड़ी घटना सामने आई। जैन चौक के समीप शातिर बदमाशों ने एक व्यापारी को झांसे में लेकर उसके बाइक के हैंडल में टंगा 1.65 लाख रुपये से भरा बैग लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार गांधी टोला निवासी व्यापारी दीपक कुमार साव बैंक ऑफ इंडिया की शाखा से 1.65 लाख रुपये निकालकर अपनी बाइक से घर लौट रहे थे। उन्होंने नकदी से भरा बैग बाइक के हैंडल में टांग रखा था। इसी दौरान जैन चौक के पास पहले से घात लगाए बदमाशों ने उन्हें आवाज लगाई कि उनका पैसा नीचे गिर गया है। व्यापारी जैसे ही नीचे देखने के लिए रुके, तभी गिरोह के दूसरे सदस्य ने फुर्ती दिखाते हुए हैंडल से नकदी से भरा बैग उठा लिया। इसके बाद दोनों आरोपी होंडा शाइन बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी हीराल महतो पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पहुंचे और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि गिरोह का एक सदस्य बैंक के भीतर ग्राहक बनकर मौजूद था और बड़ी रकम निकालने वाले ग्राहकों पर नजर रख रहा था। उसी की सूचना पर बाहर खड़े साथियों ने पूरी वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने पीड़ित व्यापारी के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। बैंक परिसर और जैन चौक के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जिसमें संदिग्ध आरोपी और उनकी बाइक दिखाई देने की बात सामने आई है। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
सदर थाना प्रभारी हीराल महतो ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। संदिग्धों की पहचान कर विभिन्न संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस घटना ने शहर के सबसे व्यस्त कारोबारी क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। दिनदहाड़े हुई इस टप्पेबाजी से व्यापारियों में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है।

