Breaking
Thu. Aug 6th, 2026

दिनदहाड़े महिला से पर्स झपटकर फरार हुए बाइक सवार बदमाश, पीछा करने में मोबाइल भी हुआ गायब

जमशेदपुर: उलीडीह ओपी क्षेत्र में मंगलवार को दिनदहाड़े बाइक सवार दो बदमाशों ने एक महिला से पर्स झपटकर फरार हो गए। बदमाशों का पीछा करने के दौरान महिला का मोबाइल फोन भी सड़क पर गिर गया, जिसे किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा उठा लिए जाने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, समतानगर रोड नंबर-15 निवासी भानु गोप शंकोसाई रोड नंबर-5 स्थित अपने एक परिचित से उधार राशि लेकर घर लौट रही थीं। जब वह राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्पंदन अस्पताल के समीप पहुंचीं, तभी पीछे से तेज गति से आए बाइक सवार दो युवकों ने झपट्टा मारकर उनका पर्स छीन लिया और फरार हो गए।

महिला ने साहस का परिचय देते हुए बदमाशों का पीछा भी किया, लेकिन इस दौरान उनका मोबाइल फोन सड़क पर गिर गया। कुछ देर बाद जब वह वापस मोबाइल खोजने पहुंचीं तो वह वहां नहीं मिला। आशंका है कि किसी राहगीर ने मोबाइल उठा लिया।

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि पर्स में करीब 10 हजार रुपये नकद, आधार कार्ड, बैंक से जुड़े आवश्यक दस्तावेज और अन्य महत्वपूर्ण कागजात रखे हुए थे, जो बदमाश अपने साथ ले गए।

घटना की सूचना मिलते ही उलीडीह ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि बाइक सवार दोनों आरोपियों की पहचान कर जल्द से जल्द उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा सके। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

Related Post