धनबाद: बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में मंगलवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में हजारीबाग पुलिस के एक आरक्षी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पुलिस टीम के चार अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना जोड़ापीटल के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग पर उस समय हुई, जब छापेमारी कर लौट रही पुलिस की बोलेरो सड़क किनारे खड़े एक ट्रेलर के पिछले हिस्से से जा भिड़ी।
जानकारी के अनुसार, हजारीबाग जिले के चलकुशा थाना की पुलिस टीम मैथन थाना क्षेत्र में एक मामले में छापेमारी करने पहुंची थी। कार्रवाई के बाद एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर टीम वापस हजारीबाग लौट रही थी। इसी दौरान सुबह करीब 3:30 बजे बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के जोड़ापीटल के पास तेज रफ्तार वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से पीछे से टकरा गया।
टक्कर इतनी भीषण थी कि पुलिस वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में आगे की सीट पर बैठे आरक्षी राम लखन यादव की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं आरक्षी नरेश कुमार, ग्रीन पासवान, वाहन चालक और एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही बरवाअड्डा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को बाहर निकालकर धनबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने मृतक आरक्षी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हादसे के बाद कुछ समय तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को हटाकर यातायात सामान्य कराया। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

