Breaking
Mon. Jul 13th, 2026

सिदगोड़ा में युवक पर चापड़ से हमला, गंभीर घायल; पुलिस बयानों के आधार पर कर रही जांच

जमशेदपुर। सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के टाउन हॉल के समीप रविवार रात एक युवक पर चापड़ से हमला किए जाने की घटना सामने आई है। इस हमले में बारीडीह निवासी अभिषेक गिरी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें स्थानीय लोगों की सहायता से तत्काल टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया। फिलहाल उनका इलाज चल रहा है।

घायल अभिषेक गिरी ने पुलिस को बताया कि वह मानगो से अपने घर बारीडीह लौट रहे थे। इसी दौरान टाउन हॉल के पास कुछ युवकों ने उन्हें रोक लिया और धारदार चापड़ से हमला कर दिया। उनके अनुसार हमले के बाद जब उन्होंने अपनी जेब की जांच की तो उसमें रखे 10 हजार रुपये नकद गायब थे। अभिषेक ने इस मामले में अमित सिंह, अभिषेक सिंह, रितिक सिंह और देप्पू नामक युवकों पर हमला करने का आरोप लगाया है।

घटना की जानकारी मिलते ही सिदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घायल का बयान दर्ज करने के साथ-साथ मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल शुरू कर दी है।

थाना प्रभारी ने बताया कि इस घटना में अजय रविदास नामक एक अन्य युवक भी घायल हुआ है, जिसकी नाक और हाथ में चोट आई है। हालांकि, दोनों घायलों द्वारा पुलिस को दिए गए बयान एक-दूसरे से अलग हैं। ऐसे में पुलिस सभी तथ्यों और परिस्थितियों की गहन जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों और जिम्मेदार लोगों के बारे में स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।

Related Post