Breaking
Mon. Jul 13th, 2026

बेलडीह क्लब में गुरुजी क्रेडिट कार्ड योजना और करियर काउंसलिंग पर जागरूकता कार्यक्रम, 16 कॉलेजों के प्रतिनिधियों ने की सहभागिता

जमशेदपुर: विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसरों और करियर विकल्पों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से मिशन फ्लाई इन्फोटेक प्राइवेट लिमिटेड की ओर से रविवार को बेलडीह क्लब में झारखंड सरकार की गुरुजी क्रेडिट कार्ड योजना एवं करियर काउंसलिंग पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि डॉ. आरती निझावन ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर मिशन फ्लाई इन्फोटेक प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक निखिल शर्मा ने उन्हें शॉल और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया।

कार्यक्रम में राज्य के 16 प्रतिष्ठित कॉलेजों के प्रतिनिधियों के साथ विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक, अभिभावक और शहर के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इस दौरान गुरुजी क्रेडिट कार्ड योजना की विस्तृत जानकारी साझा करते हुए वक्ताओं ने बताया कि यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर और दूर-दराज के क्षेत्रों के विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा का मार्ग आसान बनाने की दिशा में राज्य सरकार की महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि इस योजना के माध्यम से विद्यार्थी प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों में प्रवेश लेकर अपने भविष्य को नई दिशा दे सकते हैं।

आयोजित करियर काउंसलिंग सत्र में विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं, रोजगार के अवसरों और बदलते करियर परिदृश्य से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। विशेषज्ञों ने छात्रों को उनकी रुचि, क्षमता और लक्ष्य के अनुरूप करियर का चयन करने के लिए व्यावहारिक मार्गदर्शन भी प्रदान किया।

कार्यक्रम के दौरान शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षकों को डॉ. आरती निजवान और निखिल शर्मा ने मोमेंटो एवं उपहार देकर सम्मानित किया। वहीं कार्यक्रम के सफल आयोजन में रांची से आई मिशन फ्लाई की टीम के दिग्विजय उपाध्याय, मनोहर लाल महतो, धीरज कुमार साहा और नितेश शंकर सहित अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

समापन अवसर पर आयोजकों ने सभी अतिथियों, शिक्षकों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यार्थियों के हित में भविष्य में भी इस प्रकार के जागरूकता और करियर मार्गदर्शन कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाएंगे।

Related Post