बोकारो :- चास में हुई 3 लाख 50 हजार रुपये की झपटमारी का बोकारो पुलिस ने 5 दिन में खुलासा कर दिया है। पुलिस ने बिहार के कटिहार जिले में छापेमारी कर चोरी गई पूरी रकम बरामद कर ली है और 2 आरोपियों पहला निरो उर्फ निरेन्द्र बनजारा पिता राजेन्द्र बनजारा, निवासी नया टोला जुराबगंज, थाना कोढा, जिला कटिहार, बिहार और दूसरा राजा ग्वाला उर्फ अरमान ग्वाला पिता कमल ग्वाला, निवासी नया टोला जुराबगंज, थाना कोढा, जिला कटिहार, बिहार को गिरफ्तार किया है।
क्या था मामला
बीते दिन जोधाडीह मोड़, चास के पास मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात अपराधकर्मियों ने एक वृद्ध पुरुष की बाइक की डिक्की तोड़कर उसमें रखे 3 लाख 50 हजार रुपये झपट लिए थे और फरार हो गए थे।
इस संबंध में चास थाना में मामला दर्ज किया गया था।
SIT टीम ने ऐसे पकड़ा
सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक बोकारो के आदेश पर SIT टीम का गठन किया गया। सहायक पुलिस अधीक्षक चास के निर्देशन और थाना प्रभारी चास के नेतृत्व में टीम ने घटनास्थल और भागने के रास्ते के CCTV Footage खंगाले। साथ ही तकनीकी अनुसंधान के आधार पर सुराग मिला।
बिहार में छापेमारी, पूरी रकम बरामद
दिनांक 12.07.26 को SIT टीम ने थाना कोढा, जिला कटिहार (बिहार) पुलिस के सहयोग से आरोपी के घर पर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान आरोपी राजा ग्वाला उर्फ अरमान ग्वाला के ससुराल से इस कांड में चोरी हुई पूरी रकम 3,50,000 रुपये बरामद की गई।
पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और आगे की कार्रवाई में जुटी है।
एसपी बोकारो ने इस त्वरित कार्रवाई के लिए SIT टीम की सराहना की है।

