Breaking
Mon. Jul 13th, 2026

आदित्यपुर में खूनी संघर्ष: मामूली विवाद में युवक की हत्या, इलाके में तनाव

आदित्यपुर। सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र के शिवनारायणपुर में रविवार देर रात दो पक्षों के बीच हुआ मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। इस घटना में स्थानीय युवक गौतम मुंडा की मौत हो गई। वारदात के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल है, जबकि पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।

जानकारी के अनुसार, शिवनारायणपुर मैदान के समीप किसी बात को लेकर दो गुटों के युवकों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि विवाद के दौरान एक पक्ष ने गौतम मुंडा पर धारदार हथियार और पत्थरों से हमला कर दिया। हमले में उसके सिर पर गंभीर चोटें आईं, जिससे वह मौके पर ही गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल घायल गौतम को इलाज के लिए गंगोत्री नर्सिंग होम पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जमशेदपुर के टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) रेफर कर दिया। लेकिन अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए शिवनारायणपुर और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

Related Post